Kaimur News : अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट : कैमूर जिले में मौसम का मिजाज तल्ख बना हुआ है. आसमान में बादलों की लुकाछिपी और छिटपुट बारिश के बावजूद बेहिसाब गर्मी और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल इस चिपचिपाती गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं. मंगलवार को भी जिले में तेज धूप और उमस का कहर जारी रहेगा, इसलिए घर से बाहर निकलने से पहले सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.कैमूर जिले में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही बेहिसाब गर्मी और उमस ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया है. आसमान में बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने के बाद भी जिले में गर्मी चरम पर है. मंगलवार को भी यह उमस बरकरार रहने की पूरी संभावना है. दिन में बादलों के बीच से निकल रही तेज धूप लोगों को परेशान करेगी. हालांकि, दिनभर छिटपुट बादलों की मौजूदगी और हल्की बारिश से बीच-बीच में मामूली राहत मिल सकती है.
इस पूरे हफ्ते ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इस सप्ताह के अंत तक इसी प्रकार की भीषण गर्मी पड़ेगी और पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक जा सकता है. लगातार चल रही पुरवा हवा और 57 प्रतिशत से अधिक आर्द्रता के कारण चिपचिपाने वाली उमस बनी रहेगी.
मंगलवार को ऐसा रहेगा तापमान और हवा का रुख
अधिकतम तापमान: 36–38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान.
न्यूनतम तापमान: 28–30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
हवा और बादल: सुबह और शाम के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. वहीं, पूरब से पश्चिम की ओर 5 से 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की से मध्यम हवा चलेगी.
धूप से बचने के लिए बरतें सावधानी
मंगलवार को भी गर्मी और उमस से लोगों को कोई खास राहत नहीं मिलने वाली है. इसलिए विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सुबह 10 बजे के बाद बेवजह घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतें. अगर किसी जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े, तो तेज धूप से बचाव के लिए हेलमेट, गमछा, टोपी या छाता जरूर साथ रखें. भरपूर मात्रा में पानी पिएं और खुद को सुरक्षित रखें.
