Kaimur News (चांद से बिरजू प्रसाद की रिपोर्ट): कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत भरारीकला पंचायत के ढेधुवा गांव में शुक्रवार को एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है. यहाँ एक पोखर में डूबने से दो सगे भाइयों की असमय मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों की पहचान ढेधुवा गांव निवासी बबलू अंसारी के लगभग 7 वर्षीय पुत्र रिजवान अंसारी तथा 6 वर्षीय पुत्र गिशान अंसारी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाई गांव के दक्षिण दिशा में स्थित एक पोखर में स्नान करने गए थे. नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूब गए.
भैंस चरा रहे ग्रामीणों की नजर पड़ने पर हुआ खुलासा
घटना के समय पोखर के समीप भैंस चरा रहे ग्रामीणों की नजर काफी देर तक बच्चों के बाहर नहीं आने पर पड़ी. बच्चों के कपड़े बाहर देख जब चरवाहों को संदेह हुआ, तो उन्होंने तत्काल पोखर के भीतर तलाश शुरू की. काफी खोजबीन और मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया.
माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल, मुआवजे की मांग
बताया जाता है कि बबलू अंसारी के कुल दो पुत्र और एक पुत्री थे. इस भीषण हादसे में एक साथ दोनों बेटों की मौत हो जाने से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. माता-पिता सहित अन्य परिजनों का करुण क्रंदन सुन हर किसी का कलेजा मुंह को आ रहा है. पूरे ढेधुवा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर ग्रामीण की आंखें नम हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब उचित सरकारी सहायता एवं मुआवजा राशि देने की मांग की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिलेगी सरकारी सहायता: सीओ
इधर, स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. इस संबंध में चांद प्रखंड के अंचलाधिकारी (सीओ) सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत होने का मामला सामने आया है. अंचल प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत निर्धारित सरकारी सहायता राशि प्रदान की जाएगी.
Also Read: कैमूर: सेवन-ए-साइड फुटबॉल में बियूर का दबदबा, फुफुआव की टीम को 1-0 से हराया
