कैमूर में तपती धूप के बीच सड़क बनी गंदे पानी की झील, जर्जर रास्ते ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत

Kaimur News: कैमूर में दुर्गा चौक से सूर्य मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल हो चुकी है. सड़क पर जमा गंदा पानी, बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल के कारण मरीजों, छात्राओं, शिक्षकों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था की मांग की है.

Kaimur News:(रंजय जायसवाल) कैमूर जिले के रामगढ़ बाजार में भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच दुर्गा चौक से प्रखंड मुख्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गई है. हालात ऐसे हैं कि सड़क गंदे पानी से भरी झील जैसी दिखाई दे रही है. इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले मरीज, छात्राएं, शिक्षक और श्रद्धालु नारकीय स्थिति झेलने को मजबूर हैं.

सड़क पर फैले गंदे पानी और जर्जर मार्ग के कारण लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक आंखें मूंदे बैठे हैं. सड़क पर जमा बदबूदार पानी और जगह-जगह बने गड्ढों से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

अस्पताल, स्कूल और मंदिर जाने वालों की बढ़ी परेशानी

दुर्गा चौक से होकर रेफरल अस्पताल जाने वाले मरीजों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है. वहीं बीआरसी भवन जाने वाले शिक्षक, ग्राम भारती बालिका विद्यापीठ की छात्राएं तथा सूर्य मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु भी इसी बदहाल सड़क का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा मंदिर धर्मशाला में होने वाले आयोजनों के दौरान जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं रहती. इसके कारण गंदा पानी सीधे मुख्य सड़क पर बहा दिया जाता है. नतीजतन भीषण गर्मी के बावजूद सड़क का बड़ा हिस्सा हमेशा पानी से लबालब भरा रहता है. लोगों के अनुसार सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि राहगीरों को हर कदम संभलकर रखना पड़ता है. कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं.

जर्जर सड़क बनी हादसों का कारण

समस्या केवल जलजमाव तक सीमित नहीं है। दुर्गा चौक से सूर्य मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क भी पूरी तरह बदहाल हो चुकी है.सड़क कई जगहों से उखड़ गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. आए दिन बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं. इसके अलावा सड़क पर उड़ने वाली धूल ने राहगीरों और दुकानदारों की परेशानी और बढ़ा दी है. तेज रफ्तार वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठता है, जिससे आसपास का पूरा इलाका प्रभावित हो रहा है. दुकानदारों का कहना है कि धूल और गंदगी के कारण ग्राहकों को भी काफी परेशानी होती है.

मेंटेनेंस अवधि में होने के बावजूद नहीं हुई मरम्मत

सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सड़क अभी भी मेंटेनेंस अवधि के अंदर बताई जा रही है. इसके बावजूद पिछले करीब दो वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई. स्थानीय लोगों ने सड़क विभाग, जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. गोडसरा के ग्रामीण राधेश्याम सिंह, अशोक तिवारी, रामगढ़ के बबलू जायसवाल, रंजीत जायसवाल और पवन गुप्ता ने बताया कि यह सड़क बाजार, अस्पताल, प्रखंड कार्यालय और धार्मिक स्थल को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से की जल्द कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत कराने, स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने और लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. फिलहाल रामगढ़ बाजार के लोग बदहाल सड़क और गंदे पानी की समस्या से परेशान हैं तथा प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.

Also Read: भीषण गर्मी में रोहतास के कई वार्डों में पानी की किल्लत, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >