Kaimur News : मां मुंडेश्वरी धाम में सुबह से ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, बदला आरती का समय

Kaimur News बिहार का कैमूर जिला धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद समृद्ध माना जाता है. यहां कई प्रसिद्ध और चमत्कारिक मंदिर हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है आदि शक्तिपीठ माता मुंडेश्वरी का मंदिर

Kaimur News : अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट : बिहार का कैमूर जिला धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद समृद्ध माना जाता है. यहां कई प्रसिद्ध और चमत्कारिक मंदिर हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है आदि शक्तिपीठ माता मुंडेश्वरी का मंदिर. भगवानपुर के पवरा पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर न केवल अति प्राचीन है, बल्कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र भी है. भीषण गर्मी के बावजूद आज शनिवार को सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का भारी हुजूम देखने को मिला.

सुबह घंटे-घड़ियाल के साथ हुआ माता का दिव्य श्रृंगार

मंदिर के मुख्य पुजारी उमेश प्रसाद मिश्र ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पूजा और आरती के समय में बदलाव रहता है. शनिवार की सुबह सबसे पहले मंदिर के कपाट खोले गए और पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई. इसके बाद सुबह ठीक 6.30 बजे घंटे-घड़ियाल की गूंज और महाआरती के साथ माता को विशेष भोग लगाया गया. इस दिव्य सुबह की आरती का हिस्सा बनने के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बाहरी पर्यटक और श्रद्धालु भी मौजूद रहे. इस दौरान मंदिर में स्थापित अद्भुत पंचमुखी शिवलिंग की भी विशेष पूजा और आरती संपन्न की गई.

गर्मी के मौसम में यह है आरती का नया शेड्यूल

माता मुंडेश्वरी मंदिर धार्मिक न्यास के सचिव गोपाल जी प्रसाद ने जानकारी दी कि ऋतुओं के अनुसार मंदिर में पूजा और आरती का समय निर्धारित किया जाता है. मुख्य पुजारी के अनुसार, वर्तमान ग्रीष्म ऋतु (गर्मी के मौसम) में आरती का समय इस प्रकार रहेगा:

सुबह की आरती: प्रातः 6.30 बजे (साफ-सफाई और कपाट खुलने के बाद)

दोपहर की आरती: अपराह्न 11.30 बजे

संध्या आरती: शाम 6.30 बजे

खास प्रसाद ‘तांडुलम’: आपको बता दें कि शक्तिपीठ माता मुंडेश्वरी मंदिर में ‘तांडुलम’ (विशेष चावल का प्रसाद) मुख्य प्रसाद के रूप में चढ़ाया और वितरित किया जाता है, जिसे बेहद पवित्र माना जाता है.

चैत्र और शारदीय नवरात्र में जुटते हैं लाखों भक्त

पहाड़ी पर स्थित माता मुंडेश्वरी का यह पावन धाम हर साल लाखों सैलानियों को आकर्षित करता है. सामान्य दिनों के अलावा हर साल शारदीय और चैत्र नवरात्र के दौरान यहां का नजारा देखने लायक होता है. इन दिनों माता के दर्शन और पूजन के लिए देश के कोने-कोने के साथ-साथ विदेशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु कैमूर पहुंचते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: JITENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >