दुर्गावती नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि के बाद अब इसका असर मोहनिया शहर में भी देखने को मिल रहा है. नदी का पानी शहर के कई इलाकों में घुस गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. कई घरों के आसपास पानी भर जाने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और अनेक परिवार अपने घरों में ही रहने को मजबूर हैं.
जलभराव से आवागमन हुआ बाधित
शहर के कई रास्तों और गलियों में पानी भर जाने के कारण आवागमन बाधित हो गया है. लोगों का एक-दूसरे से संपर्क भी टूट गया है. जलभराव से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है. आवश्यक सामान और दैनिक जरूरतों के लिए भी लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
पावर ग्रिड परिसर में भी घुसा पानी
दुर्गावती नदी का पानी मोहनिया पावर ग्रिड परिसर में भी प्रवेश कर गया है. इससे बिजली व्यवस्था पर संकट मंडराने लगा है. पावर ग्रिड में पानी घुसने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर कभी भी बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ सकती है. बिजली विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
पानी निकालने में जुटा बिजली विभाग
ग्रिड परिसर में जमा पानी को निकालने के लिए बिजली विभाग द्वारा मोटर और पंप लगाए गए हैं. पानी निकासी का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है. विभागीय अधिकारी बिजली आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत हैं.
जलस्तर बढ़ा तो और गंभीर हो सकती है स्थिति
शहर में अचानक बढ़े जलभराव से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुर्गावती नदी का जलस्तर और बढ़ा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. प्रशासन और संबंधित विभागों से प्रभावित इलाकों में जल्द राहत एवं जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की जा रही है.
ALSO READ : कैमूर: रामगढ़ में बिजली तार पर 48 घंटे से लटका विशाल पेड़, मंडरा रहा करंट का खतरा; विभाग बेखबर
