Kaimur News : मोहनिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर करमहरी गांव में 26 वर्षीय विवाहिता पिंकी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गयी. मृतका की मां सुंदरी कुंवर ने पति दीपक कुमार और सास पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने फर्द बयान के आधार पर मां और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.
2010 में हुई थी पिंकी की शादी
रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के बराडीह गांव निवासी सुंदरी कुंवर ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पिंकी देवी की शादी वर्ष 2010 में रसूलपुर करमहरी निवासी मोती राम के पुत्र दीपक कुमार से हुई थी. दोनों का करीब 10 वर्षीय एक बेटा भी है.
दूसरी महिला से संबंध का लगाया आरोप
फर्द बयान में सुंदरी कुंवर ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ वर्षों बाद दीपक कुमार का किसी दूसरी महिला से संबंध हो गया था. पिंकी द्वारा इसका विरोध करने पर पति और सास उसके साथ मारपीट करते थे. महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.
दो माह पहले मायके भेजी गयी थी बेटी
मृतका की मां के अनुसार, करीब दो माह पहले मारपीट से परेशान होकर पिंकी को ससुराल वालों ने मायके भेज दिया था. बाद में पति के फोन करने पर वह दोबारा ससुराल चली गयी थी. इसके बाद 12 अगस्त की रात परिजनों को पिंकी की मौत की सूचना मिली.
ससुराल पहुंचने पर मृत मिली पिंकी
सूचना मिलने के बाद परिजन रसूलपुर करमहरी गांव पहुंचे, जहां पिंकी मृत अवस्था में पड़ी मिली. इसके बाद उसकी मां सुंदरी कुंवर ने मोहनिया थाने में फर्द बयान दर्ज कराया और पति दीपक कुमार तथा उसकी मां पर मिलकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया.
पुलिस ने मां-बेटे को किया गिरफ्तार
पुलिस ने महिला के फर्द बयान के आधार पर पति दीपक कुमार और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
