Kaimur Land Crime News: (सचिता सिंह) बिहार में जमीन विवाद दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है. जमीन के छोटे से टुकड़े के लिए लोग अब खून के प्यासे होते नजर आ रहे हैं. लगभग हर दिन किसी न किसी जिले से ऐसा मामला सामने आ जाता है, जहां जमीन को लेकर लोग एक दूसरे पर हमला कर देते हैं. कई मामलों में तो विवाद इतना बढ़ जाता है कि बात खून खराबे तक पहुंच जाती है. ताजा मामला कैमूर जिले से सामने आया है, जहां जमीन के छोटे से टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग तक हो गई और पूरा गांव दहशत में आ गया.
पंचायत के दौरान भड़का विवाद
कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के छांव गांव का है. जहां भूमि विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब पंचायत के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हो गई. इस घटना में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के दो लोगों प्रमोद सिंह और उनके पुत्र अंकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी खुद भी घटना में घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब सात बजे छांव गांव में विवादित जमीन को लेकर पंचायत बुलाई गई थी. यह पंचायत शमशेर सिंह के दरवाजे पर हो रही थी, जिसमें दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे. बातचीत के दौरान शमशेर सिंह और उनके पट्टीदार प्रमोद सिंह के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई. धीरे धीरे बात इतनी बढ़ गई कि माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. ग्रामीणों के अनुसार स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वहां अफरा तफरी मच गई.
फायरिंग से बढ़ा तनाव, पांच लोग घायल
मारपीट के बीच फायरिंग होने की भी बात सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया. इस घटना में एक पक्ष के प्रमोद सिंह और उनके पुत्र अंकेश सिंह घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष से शमशेर सिंह, उनके भाई अशोक सिंह और अशोक सिंह के पुत्र दिलीप कुमार सिंह उर्फ गब्बर घायल हो गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि तीन लोगों को गोली लगने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हो सकी है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
अस्पताल में भर्ती और गंभीर स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है. डॉक्टरों के अनुसार दो लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के प्रमोद सिंह और उनके पुत्र अंकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. अनुसंधानकर्ता एसआई संतोष कुमार ने बताया कि फायरिंग की बात सामने आई है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किसे गोली लगी है. एक पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है.
कैमूर का यह मामला एक बार फिर यह दिखाता है कि जमीन विवाद किस तरह लोगों के बीच दुश्मनी और हिंसा को जन्म दे रहा है. प्रशासन की नजर इस पूरे मामले पर बनी हुई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है.
Also Read: बिहार के इन जिलों में BWFS ने किया रेड अलर्ट जारी, झमाझम बारिश के साथ तूफान और वज्रपात
