कैमूर में शादी से इंकार करने पर युवक की गला रेतकर हत्या, लड़की का भाई गिरफ्तार

Kaiumr Crime News: कैमूर में शादी से इंकार करने पर 22 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में लड़की के भाई को गिरफ्तार किया है. एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच जारी है.

Kaiumr Crime News:(विनोद कुमरा सिंह ) कैमूर जिले के मोहनिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को बघिनी गांव के बधार में फेंक दिया गया. घटना की सूचना गुरुवार सुबह पुलिस को मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के नौआ झोटी गांव निवासी शिवकुमार राम के 22 वर्षीय पुत्र शशि कुमार के रूप में हुई है. शशि भभुआ में रहकर पढ़ाई करता था और पटेल कॉलेज के पास किराए के मकान में रहता था. परिजनों के अनुसार, 9 जून को वह खाना खाने के बाद अपने कमरे पर गया था, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था.

शव की बरामदगी और स्थिति

गुरुवार सुबह बघिनी गांव के सिवान में एक खेत के पास शव मिलने की सूचना मिली. शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या 2–3 दिन पहले की गई थी. शव की हालत अत्यंत खराब थी. गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए. शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चाकू से हमले के निशान मिले हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहले भभुआ सदर अस्पताल भेजा, जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए पटना रेफर कर दिया गया.

मौके से बाइक बरामद

जांच के दौरान पुलिस को बघिनी गांव के मंदिर के पास एक बाइक खड़ी मिली. शुरुआत में लोग इसे किसी किसान की बाइक समझ रहे थे. लेकिन परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया.

परिजनों का आरोप और विवाद की पृष्ठभूमि

मृतक के पिता ने बताया कि शशि की शादी 16 जून को तय थी और हाल ही में उसका छेका भी हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष उसकी शादी को लेकर दबाव बना रहा था. शादी से इनकार करने के कारण ही उनके बेटे की हत्या कर दी गई. वहीं, लड़की के भाई ने पूछताछ में बताया कि शशि उनकी बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था, जिससे परिवार की बदनामी हुई. इसी कारण हत्या की गई.

पुलिस कार्रवाई

सूचना मिलने पर कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला और मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की. एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने लड़की के भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. इसके अलावा, चार महिलाओं और दो पुरुषों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है.

एसपी का बयान

एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि युवक की हत्या कर शव को बघिनी गांव के सिवान में फेंका गया था.
मामले में लड़की के भाई को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है और बदनामी को कारण बताया है.

परिवार में कोहराम

घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.परिजन बार-बार यही कह रहे हैं कि उनका इकलौता सहारा छिन गया.

Also Read: कैमूर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों की झड़प में 5 लोगों की हालत गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >