शहर के एकता चौक के समीप सब्जी मंडी रोड जाने वाले मुख्य रास्ते पर गड्ढे और जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गंदा पानी जमा होने से राहगीरों को मजबूरी में दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी उन छात्राओं को हो रही है, जो इसी रास्ते से रोजाना दो गर्ल्स स्कूलों में पढ़ने जाती हैं.
एकता चौक के पास सड़क पर जमा गंदा पानी
बारिश होते ही भभुआ सड़क जलजमाव की समस्या और गंभीर हो जाती है. गड्ढे में इतना गंदा पानी भर जाता है कि राहगीरों के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां. दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना के डर से धीरे-धीरे रास्ता पार करते हैं, जबकि पैदल लोगों को भी काफी परेशानी होती है.
स्कूल ड्रेस में गंदे पानी से गुजरती हैं छात्राएं
इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं स्कूल आती-जाती हैं. स्कूल ड्रेस में छात्राओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. इससे उनके कपड़े और जूते खराब होने के साथ संक्रमण का भी डर बना रहता है. अभिभावकों में भी जलजमाव की समस्या को लेकर नाराजगी है.
कैमूर : चेहरिया बाजार में पुलिस की बड़ी छापेमारी, घर से 62 लीटर शराब बरामद, धंधेबाज फरार
हादसे के बाद खुलेगी नगर परिषद की नींद?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद को समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है. लोगों का सवाल है कि जिस मुख्य रास्ते से रोजाना बच्चियां स्कूल जाती हैं, उसकी बदहाली पर जिम्मेदार अधिकारी गंभीर क्यों नहीं हो रहे हैं. लोगों को आशंका है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी.
सड़क मरम्मत और जलनिकासी की मांग
शहरवासियों ने नगर परिषद से गड्ढे की तत्काल भराई, जलनिकासी की व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर लगातार गंदा पानी जमा रहना सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही है. अब लोगों की नजर नगर परिषद की कार्रवाई पर है.
