Bhabua Jewellery loot : कैमूर जिले के भभुआ में अपराधियों के हौसले एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते नजर आए. रविवार की शाम करीब आठ बजे अखलाशपुर गांव के रहने वाले सर्राफा व्यवसायी संतोष सेठ से बदमाशों ने हथियार के बल पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए. यह वारदात भेकास और सिकटी गांव के बीच एक सुनसान सड़क पर हुई, जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है.
Kaimur News : घर लौटते समय बनाया निशाना
पीड़ित संतोष सेठ ने बताया कि उनकी आभूषण की दुकान कुंज गांव में है. वह रोज की तरह रविवार शाम दुकान बंद कर बाइक से अपने घर अखलाशपुर लौट रहे थे. इसी दौरान भेकास और सिकटी गांव के बीच दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.
अपराधियों ने कट्टा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी. डर के कारण संतोष सेठ को बाइक रोकनी पड़ी. इसके बाद बदमाशों ने उन्हें पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया.
Crime News : डिग्गी तोड़कर ले गए गहने और मोबाइल
पीड़ित के अनुसार अपराधियों ने उनकी बाइक की डिग्गी तोड़ दी. डिग्गी में करीब 17 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 730 ग्राम चांदी के गहने रखे थे. इनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है.
बदमाशों ने गहनों से भरा बैग निकाल लिया. इतना ही नहीं, उन्होंने संतोष सेठ का मोबाइल फोन और बाइक की चाबी भी छीन ली ताकि वह तुरंत किसी को सूचना न दे सकें. वारदात के बाद सभी अपराधी तेजी से फरार हो गए.
राहगीरों की मदद से दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद संतोष सेठ कुछ देर तक सड़क पर ही परेशान रहे. बाद में राहगीरों की मदद से उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की गई.
सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित से पूरी जानकारी ली. अपराधियों के भागने की दिशा के बारे में भी पूछताछ की गई.
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से होगी पहचान
पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी. इसके साथ ही संभावित रास्तों पर भी जांच की जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
व्यवसायियों में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
इस घटना के बाद इलाके के सर्राफा और अन्य व्यवसायियों में डर का माहौल है. खासकर शाम के समय सुनसान रास्तों पर लगातार हो रही घटनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी है.
व्यवसायियों का कहना है कि रोजाना नकदी और कीमती सामान लेकर आने-जाने वाले व्यापारियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए. साथ ही नियमित निगरानी भी जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.
