महाशिवरात्रि पर शिव बारात के मार्ग में ''रोड़ा'' बनेगा अधूरा निर्माण

एनएच-19 के किनारे अधूरी सड़क व नाला निर्माण से श्रद्धालुओं में बढ़ी चिंता

एनएच-19 के किनारे अधूरी सड़क व नाला निर्माण से श्रद्धालुओं में बढ़ी चिंता 15 फरवरी को निकलनी है भव्य बारात, प्रशासन ने एनएचएआइ को दिये कार्य में तेजी के निर्देश समय रहते काम पूरा नहीं हुआ, तो बढ़ेगी श्रद्धालुओं की परेशानी मोहनिया शहर. स्थानीय शहर में हर वर्ष धार्मिक आस्था व भव्यता के साथ मनाये जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार अधूरे सड़क व नाला निर्माण के कारण परेशानी हो सकती है. महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह भव्य बाइक जुलूस तथा शाम में जागेश्वरनाथ मंदिर से भगवान शिव की बारात पूरे शहर में भ्रमण करती है. यह बारात डड़वा में तिलकोत्सव व दुर्गा पड़ाव में शिव-पार्वती विवाह के साथ संपन्न होती है. इस दौरान कई असहाय व गरीब लड़कियों का सामूहिक रूप से नि:शुल्क विवाह भी कराया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु व नागरिक शामिल होते हैं. लेकिन, आधा-अधूरा सड़क व नाले का निर्माण लोगों को परेशानी में डाल सकता है, जहां लोगों के गिरकर चोटिल होने सहित वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मालूम हो कि इस वर्ष 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाना है, लेकिन पर्व से ठीक एक सप्ताह पहले तक एनएच 19 के उत्तरी किनारे स्थित सर्विस सड़क व नाला निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है. इससे आयोजन समिति, श्रद्धालुओं व आम नागरिकों के बीच चिंता बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ, तो झांकियों को निकालना काफी कठिन हो जायेगा. पिछले कई माह से चल रहा है निर्माण कार्य एनएच-19 के उत्तरी किनारे सर्विस सड़क व नाला का निर्माण पिछले कई महीनों से जारी है. बावजूद इसके कई स्थानों पर सड़क अधूरी है, कहीं गड्ढे बने हुए हैं तो कहीं नाले का निर्माण आधा ही पूरा हुआ है. कई जगहों पर मिट्टी व निर्माण सामग्री फैली होने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. महाशिवरात्रि जैसे बड़े आयोजन के दौरान भारी भीड़ में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता. इधर, अधूरे निर्माण को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों व स्थानीय लोगों में रोष भी देखा जा रहा है. शुक्रवार को अनुमंडल स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठक में सदस्यों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. समिति के सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कार्य शीघ्र पूरा नहीं हुआ, तो आयोजन के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा. क्या कहती हैं एसडीएम इस संबंध में मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने बताया कि महाशिवरात्रि से पहले सड़क व नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जायेगा. इसे लेकर एनएचएआइ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं तथा मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने को कहा गया है. विभाग की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की समस्या न हो व पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >