सावन के पहले दिन कैमूर के मुंडेश्वरी धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़, 4 बजे तक 80 हजार शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

सावन के पहले दिन महामंडलेश्वर महादेव धाम में 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे।

Kaimur News : सावन (श्रावण मास) के पहले दिन गुरुवार को माता मुंडेश्वरी धाम स्थित महामंडलेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा. प्रातः पूजा और आरती के बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा. धाम परिसर हर-हर महादेव और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से गूंजता रहा.

महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतारें, जलाभिषेक के लिए लंबा इंतजार

मुख्य द्वार से लेकर मंदिर के प्रवेश द्वार तक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग लंबी कतारें लगी रहीं. श्रद्धालु पंचमुखी महामंडलेश्वर के ज्योतिर्लिंग पर जल और बेलपत्र अर्पित करने के लिए घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. पुलिस और न्यास कर्मियों की सक्रियता के कारण सभी श्रद्धालुओं ने व्यवस्थित ढंग से दर्शन और जलाभिषेक किया.

शाम 4 बजे तक 80 हजार श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन

धार्मिक न्यास के आकलन के अनुसार, सावन के पहले दिन शाम करीब 4 बजे तक लगभग 80 हजार शिवभक्तों ने पंचमुखी महामंडलेश्वर के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने माता मुंडेश्वरी और भगवान गणेश के भी दर्शन कर पूजा-अर्चना की.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

धार्मिक न्यास की ओर से धाम परिसर में टेंट, शुद्ध पेयजल, दो कंट्रोल रूम, दो मेडिकल टीम, दो एंबुलेंस और बेहतर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई थी. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी गई.

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और भारी पुलिस बल तैनात

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. धाम बाजार से लेकर पहाड़ी क्षेत्र तक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रहे.

पहली सोमवारी पर और बढ़ेगी भीड़, प्रशासन अलर्ट

सावन शुरू होने से एक दिन पहले डीएम नितिन कुमार सिंह, एसपी शिखर चौधरी और धार्मिक न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह ने धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था. न्यास सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा की लगातार ऑनलाइन निगरानी की जा रही है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसे देखते हुए तैयारियों को और मजबूत किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >