Dehri EO Vimal Kumar : रोहतास जिले के डिहरी-डालमियानगर नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) डॉ विमल कुमार की हत्या की घटना से नगर निकाय कर्मियों में गहरा आक्रोश और शोक है. इसी क्रम में सोमवार को भभुआ नगर परिषद कार्यालय परिसर में वार्ड पार्षदों और कर्मियों ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की.
शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी. उपस्थित वार्ड पार्षदों एवं कर्मियों ने इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक सरकारी अधिकारी की ड्यूटी के दौरान इस प्रकार हत्या होना बेहद दुखद और चिंताजनक है. उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की.
कर्मियों ने कहा कि इस घटना से पूरे नगर निकाय परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना है. उन्होंने सरकार से नगर निकाय के वार्ड पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की.
सोमवार को भभुआ नप में आयोजित श्रद्धांजलि शोक सभा में लिपिक जयप्रकाश तिवारी, नाजिर विनोद चौधरी, कर संग्राहक रामनवमी सिंह, राजेश चौधरी, अभिमन्यु सिंह,रामबदन सिंह,वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मदन सिंह, पार्षद त्रिभुवन सिंह,नागमणी प्रसाद आदि उपस्थित रहे.
