Kaimur News : कैमूर जिला के चांद प्रखंड के कुड्डी गांव में वर्षों से चली आ रही अतिक्रमण की समस्या का प्रशासन ने समाधान कर दिया. वर्ष 1998 में निर्मित सामुदायिक भवन पर लंबे समय से किये गये अतिक्रमण को अंचल प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में हटवा दिया. कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से सामुदायिक भवन को अतिक्रमणमुक्त कराया गया. इसके साथ ही भवन के आसपास बाधित रास्ते को भी साफ कराया गया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम हो सके.
26 साल से बंद था सामुदायिक भवन का उपयोग
बताया जाता है कि कुड्डी गांव निवासी गोविंद कुमार, पिता बालकिशन राम ने इस समस्या को लेकर सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत में बताया गया था कि वर्ष 1998 में सामुदायिक भवन बनने के बाद से ही गांव के एक व्यक्ति ने उस पर कब्जा कर लिया था. लंबे समय से अतिक्रमण के कारण ग्रामीण सामुदायिक भवन का उपयोग नहीं कर पा रहे थे.
अतिक्रमण के कारण कई घरों तक पहुंचना हुआ मुश्किल
ग्रामीणों के अनुसार, सामुदायिक भवन के आसपास अतिक्रमण के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया था. इससे कई घरों तक आने-जाने में लोगों को परेशानी होती थी. बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी. ग्रामीण लंबे समय से प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे.
आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण भी हो रहा था प्रभावित
सामुदायिक भवन के समीप आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण भी शुरू किया गया था. इसके लिए गांव के ही एक व्यक्ति ने करीब चार डिसमिल जमीन राज्यपाल के नाम दान की है. जमीन उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन सामुदायिक भवन और आसपास के रास्ते पर अतिक्रमण के कारण निर्माण सामग्री ले जाने और लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही थी.
शिकायत मिलते ही प्रशासन ने करायी जांच
गोविंद कुमार की शिकायत मिलने के बाद अंचल प्रशासन ने मामले की जांच करायी. जांच में सामुदायिक भवन की जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण किये जाने और इसके कारण रास्ता बाधित होने की बात सामने आयी. इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की.
पुलिस बल और जेसीबी के साथ गांव पहुंची टीम
अंचलाधिकारी मधुसूदन चौरसिया के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम पुलिस बल और जेसीबी के साथ कुड्डी गांव पहुंची. मौके पर कार्रवाई करते हुए सामुदायिक भवन से अतिक्रमण हटाया गया. इसके साथ ही रास्ते को भी साफ कराया गया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं हो और आसपास के घरों तक पहुंचना आसान हो सके.
सीओ बोले- जांच के बाद हटाया गया अतिक्रमण
अंचलाधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि सामुदायिक भवन पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायत सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी. शिकायत के आलोक में मामले की जांच करायी गयी. जांच में अतिक्रमण के कारण रास्ता बाधित होने और ग्रामीणों को परेशानी होने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस बल और जेसीबी की सहायता से सामुदायिक भवन से अतिक्रमण हटाकर उसे अतिक्रमणमुक्त कराया गया.
