चैनपुर प्रखंड में पैक्स चुनाव की सरगर्मी तेज, संभावित प्रत्याशी प्रचार में जुटे

KAIMUR NEWS.प्रखंड क्षेत्र के नंदगांव, मेढ़, सिकंदरपुर और अमाव पंचायतों में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं. संबंधित पंचायतों की पैक्स मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है, जिसके बाद चुनावी सरगर्मी और तेज हो गयी है.

प्रतिनिधि, चैनपुर. प्रखंड क्षेत्र के नंदगांव, मेढ़, सिकंदरपुर और अमाव पंचायतों में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं. संबंधित पंचायतों की पैक्स मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है, जिसके बाद चुनावी सरगर्मी और तेज हो गयी है. संभावित प्रत्याशी अभी से मतदाताओं से संपर्क साधने में जुट गये हैं व अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे. इधर, प्रखंडस्तर पर चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारी भी शुरू कर दी गयी है. पैक्स चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. बता दें कि पैक्स समिति का ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान होता है, क्योंकि यह किसानों के धान-गेहूं की खरीद जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती है. ऐसे में समिति के पदाधिकारियों का चयन ग्रामीण विकास के दृष्टि से अहम माना जाता है. संभावित प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और वे किसानों से मुलाकात कर अपनी प्राथमिकताएं और योजनाएं बता रहे हैं. कई जगहों पर बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है, जहां मतदाताओं की समस्याओं और अपेक्षाओं पर चर्चा की जा रही है. संभावित प्रत्याशी पारदर्शिता, किसानों को समय पर खरीद प्रक्रिया में पूरी करने सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन प्रदान करने सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं. चुनाव तिथि की औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी की जा रही है. निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जायेगा और आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जायेगा. कुल मिलाकर नंदगांव, मेढ़, सिकंदरपुर और अमाव पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी चर्चा का माहौल है और आने वाले दिनों में यह सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >