Kaimur News (पंकज सिंह): भगवानपुर बाजार में अतिक्रमणकारी दुकानदारों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर उसे तहस-नहस कर दिया. यह कार्रवाई सदर एसडीओ अमित कुमार और एसडीपीओ अनिकेत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में की गई. इस दौरान पुलिस ने भगवानपुर बाजार के दक्षिणी छोर से लेकर खीरी मौजा में स्थित बाजार में हुए अतिक्रमण के खिलाफ घंटों तक कार्रवाई करती रही.
पुलिस पहले दिया था अल्टिमेटम
इधर अतिक्रमणकारी अपने फैले हुए सामानों को ठिकाने लगाते नजर आए. कई दुकानदार अपने गुमटियों (अस्थाई दुकानों) को मजदूरों को लगाकर भगवानपुर के पुराने बाजार वाले रास्ते में ले गए, वहीं कई दुकानदारों ने अपने गुमटियों को हाई स्कूल रोड में ले खड़ा किया. गौरतलब है कि विगत सोमवार को प्रशासन ने भगवानपुर और मुंडेश्वरी बाजार से अगले 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटवाने के लिए अतिक्रमणकारियों को लाउडस्पीकर से अल्टीमेटम दिया था, उस दौरान प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट रूप से कहा था कि वे सभी खुद के स्तर से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकारी भूमि को कब्ज से मुक्त कर दें, नहीं तो जब प्रशासन कार्रवाई करेगी, तो कार्रवाई में आने वाले खर्च को अतिक्रमणकारियों से हीं वसूल करेगी.
कार्रवाई के समय भारी पुलिस बल तैनात
आखिरकार बुधवार की दोपहर प्रशासन ने काफी संख्या में पुलिस बल को लेकर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की, इस दौरान जेसीबी मशीन के माध्यम से दुकानों के सामने गाड़े हुए लोहे और टीन से बने पहचान बोर्ड को भी उखाड़ फेंका गया. इधर कई अतिक्रमणकारी दुकानदार प्रशासन के इस कानूनी कार्रवाई से असंतुष्ट दिखे.
दुकानदारों ने क्या कहा ?
उनका कहना था कि प्रशासन ने हम फुटपाथी दुकानदारों को पूरी तरह से उजाड़ दिया, मगर कई बड़े ऐसे व्यवसायी हैं, जो अपने निजी भूमि के दायरे से निकल कर अतिक्रमण किए हुए हैं. जिनके विरुद्ध कार्रवाई के नाम पर बस कोरम ही पूरे किए गए. अतिक्रमण के विरुद्ध किए गए इस कार्रवाई में प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता शेखर, थानेदार चंद्रशेखर शर्मा, प्रभारी सीओ सह राजस्व पदाधिकारी आरती कुमारी, सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय समेत काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे.
क्या कहते हैं एसडीओ?
इस कार्रवाई के बारे में पूछने पर सदर एसडीओ अमित कुमार ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध यह कार्रवाई डीएम के निर्देश पर की गई है. यहां के बाद मुंडेश्वरी बाजार में अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए हमारा दलबल वहां पहुंचेगा, वहीं अगले चरण में चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. यदि इसका कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ धारा 107 और 133 के तहत कार्रवाई की जाएगी
