कैमूर में बिजली विभाग की कार्रवाई, अभियान के तहत तीन पर केस दर्ज; अवैध कनेक्शन काटे गए

Bihar News: कैमूर में बिजली विभाग की छापेमारी में मीटर बायपास और सीधे लाइन जोड़कर बिजली चोरी के मामले सामने आए. विभाग ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अवैध तार जब्त किए हैं.

Bihar News:(मैनुद्दीन शाह) कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग ने विशेष अभियान चलाया जा रहा. अभियान के तहत बिजली विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. जिसमें तीन अलग-अलग मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई. जिसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस अभियान में सहायक विद्युत अभियंता राजमुन्नी कुमारी, सहायक विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार, कनीय विद्युत अभियंता श्रीकांत उपाध्याय सहित विभागीय मानवबल कर्मी शामिल थे. टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच कर अवैध कनेक्शन का खुलासा किया.

तीन मामलों में बिजली चोरी का खुलासा

पहला मामला असुढ़ा गांव का है, जहां छविया कुंवर के घर में मीटर बायपास कर अवैध रूप से बिजली उपयोग किया जा रहा था. इस मामले में लगभग 15,662 रुपये की राजस्व क्षति आंकी गई है.

दूसरे मामले में इसी गांव के पारसनाथ सिंह पर मीटर के मुख्य सर्विस वायर को काटकर अवैध बिजली उपयोग करने का आरोप लगा है. इसमें करीब 21,756 रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है.

तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई धरहरा गांव स्थित एक मिनी आटा चक्की मिल में हुई, जहां विनोद प्रजापति पर सीधे एलटी लाइन से अवैध रूप से बिजली उपयोग करने का आरोप है. जांच में किसी भी वैध कनेक्शन का दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे लगभग 1,18,236 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया गया.

अवैध तार जब्त, FIR दर्ज

छापेमारी के दौरान सभी स्थानों से प्रयुक्त अवैध तार जब्त कर लिए गए. इसके बाद भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत दुर्गावती थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Also Read:बक्सर का अहियापुर ट्रिपल मर्डर केस, एक साल बाद भी न्याय की राह देख रहा पीड़ित परिवार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >