कैमूर में उत्पाद हाजत से शराब तस्करी का आरोपी फरार, तीन होमगार्ड जवान हटाये गये

Kaimur News : भभुआ उत्पाद हाजत से हरियाणा का शराब तस्कर फरार हो गया. लापरवाही बरतने पर तीन होमगार्ड जवानों को सेवा से हटाकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

Kaimur News : मोहनियां चेकपोस्ट से शराब के साथ गिरफ्तार दो आरोपितों में से एक हरियाणा निवासी दीपक कुमार भभुआ स्थित उत्पाद थाना की हाजत से फरार हो गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए कैमूर जिलाधिकारी कुमार गौरव के निर्देश पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात तीन होमगार्ड जवानों को हटा दिया गया है. साथ ही संबंधित जवानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

682 लीटर शराब के साथ पकड़े गये थे दोनों आरोपित

पुलिस को अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर सब-इंस्पेक्टर धर्मलता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गयी. टीम ने कुलहड़िया मोड़ के पास दो संदिग्ध कारों को रोककर तलाशी शुरू की. इस दौरान एक कार का चालक दीपक कुमार पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा. भागने के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गयी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने घेराबंदी कर चालक दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

दूसरी कार के चालक को भी पुलिस ने पकड़ा

पुलिस ने दूसरी कार के चालक सोमबीर कुमार को भी मौके से गिरफ्तार किया. दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 682 लीटर अवैध शराब बरामद की गयी. जब्त शराब की बाजार कीमत करीब नौ से 11 लाख रुपये बतायी जा रही है. दोनों गिरफ्तार आरोपित हरियाणा के रहने वाले हैं.

उत्पाद थाना की हाजत से फरार हुआ दीपक

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को उत्पाद पुलिस भभुआ स्थित उत्पाद थाना ले गयी. इसी दौरान मौका पाकर दीपक कुमार हाजत से फरार हो गया. आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच शुरू करायी गयी.

डीएम ने गहन जांच और कार्रवाई का दिया निर्देश

जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गुरुवार को मद्यनिषेध विभाग की कार्रवाई में एक मारुति सुजुकी कार से 358.350 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गयी थी. इस मामले में हरियाणा निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर उत्पाद थाना में कांड दर्ज किया गया था. लेकिन शुक्रवार की सुबह वह उत्पाद हाजत में नहीं मिला.

मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव ने इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक, मद्यनिषेध को पूरे प्रकरण की गहन जांच करने और दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

Also Read : कृष्ण जन्माष्टमी पर मासूम की मौत, दो बहनों का इकलौता भाई था अंश, पिता की भी बिगड़ी तबीयत

सीसीटीवी फुटेज की जांच में होमगार्ड जवानों की भूमिका संदिग्ध

निर्देश के बाद अधीक्षक, मद्यनिषेध ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करायी. प्रारंभिक जांच में वहां प्रतिनियुक्त गृहरक्षकों की भूमिका संदिग्ध और लापरवाहीपूर्ण पायी गयी. जांच में यह बात सामने आयी कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात होमगार्ड जवानों ने आरोपी को फोन से बात करने का मौका दिया था. इसी दौरान उसे खाना भी दिया गया और बाद में वह हाजत से फरार हो गया.

तीन होमगार्ड जवान हटाये गये, प्राथमिकी दर्ज

मामले में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान रविंद्र कुमार, बबन गिरी और शिव मुनीराम को उत्पाद थाना से तत्काल हटा दिया गया है. जिला समादेष्टा, कैमूर को पत्र भेजकर तीनों गृहरक्षकों को हटाने की कार्रवाई की गयी. वहीं, उत्पाद अधीक्षक की ओर से भभुआ थाना में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच भी शुरू कर दी गयी है.

Also Read : कृष्ण बने रोहतास के छह वर्षीय मासूम ने मोती निगला, सांस की नली में फंसा, अस्पताल पहुंचने तक तोड़ा दम

क्या कहते हैं उत्पाद अधीक्षक

उत्पाद अधीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि शराब के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी भभुआ उत्पाद थाना से फरार हो गया. मामले में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात तीन होमगार्ड जवानों को हटा दिया गया है और उनके खिलाफ भभुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

Also Read : एनएच-120 की बदहाल सड़क की मरम्मत शुरू, विष्णु मंदिर से पश्चिमी रेल फाटक तक गड्ढों की हुई भराई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >