Kaimur News : पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत किशोर की जीत की खबर मिलते ही कैमूर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया. भभुआ के एकता चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर मिठाइयां खिलाईं. इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई.
एकता चौक पर गूंजे जनसुराज के समर्थन में नारे
जन सुराज के पूर्व विधायक प्रत्याशी सह नगर अध्यक्ष जैनेन्द्र आर्य उर्फ जानी आर्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने 'जन सुराज जिंदाबाद', 'प्रशांत किशोर जिंदाबाद' और 'विकास की राजनीति जिंदाबाद' के नारे लगाए. जीत की खुशी में समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और उत्सव का माहौल बना रहा.
'यह विकास की राजनीति की जीत'
इस अवसर पर जानी आर्य ने कहा कि यह किसी धर्म, जाति या संप्रदाय की नहीं, बल्कि आम जनता और विकास की राजनीति की जीत है. उन्होंने कहा कि यह परिणाम बिहार में बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत देता है और जन सुराज की विचारधारा में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है.
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
जश्न के दौरान संजय हलुवाई, संजय कुमार, शिवजी शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच विकास के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने का संकल्प लिया.
