Kaimur News : पंजाब नेशनल बैंक की रतवार शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल निलंकार ने बैंक परिसर में घुसकर गाली-गलौज करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और मारपीट का प्रयास करने के आरोप में दीपक कुमार चौबे समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए भभुआ थाना में आवेदन दिया है. घटना पांच सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3:45 बजे की बतायी गयी है.
आवास ऋण खाते के सत्यापन शुल्क को लेकर हुई थी बातचीत
शाखा प्रबंधक के आवेदन के अनुसार, बैंक के एक आवास ऋण खाते से संबंधित अनिवार्य भौतिक सत्यापन और मूल्यांकन शुल्क को लेकर बैंक कर्मी ने ऋणी के परिजन से फोन पर बातचीत की थी. आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान दीपक कुमार चौबे ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और शाखा प्रबंधक को रतवार में काम नहीं करने देने की धमकी दी.
एक अन्य व्यक्ति के साथ बैंक परिसर में पहुंचा आरोपित
शाखा प्रबंधक का आरोप है कि फोन पर बातचीत के कुछ ही देर बाद दीपक कुमार चौबे एक अन्य व्यक्ति के साथ बैंक परिसर में पहुंच गया. दोनों शाखा प्रबंधक के केबिन में घुस गये और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे. इस दौरान बैंक के सामान्य कामकाज में भी बाधा उत्पन्न होने की बात आवेदन में कही गयी है.
Also Read : बक्सर: केसठ की चंपा देवी बनीं कृषि ड्रोन पायलट, आधुनिक खेती में महिलाओं के लिए बनीं मिसाल
मारपीट का प्रयास करने का लगाया आरोप
आवेदन में शाखा प्रबंधक ने आरोप लगाया है कि दीपक कुमार चौबे ने उनके साथ शारीरिक हमला करने का प्रयास किया. घटना के दौरान बैंक में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी भयभीत हो गये. शाखा प्रबंधक ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
Also Read : CBI की कार्रवाई से बक्सर के डाक विभाग में मचा हड़कंप, डाक अधीक्षक समेत तीन से पूछताछ; क्या है पूरा मामला?
प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी पुलिस
भभुआ थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शाखा प्रबंधक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.
Also Read : बक्सर में वित्त रहित कर्मियों को वेतनमान देने की घोषणा पर नवल किशोर यादव सम्मानित
