भभुआ नगर. महिलाओं को हरेक क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए बस चालक व कंडक्टर के रूप में भी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा. वहीं, राज्य के प्रमुख शहरों में महिलाओं के लिए पिंक बस चलायी जायेगी. साथ ही राज्यभर में खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम स्थापित किये जायेंगे. वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए जिन प्रखंडों में अंगीभूत राजकीय डिग्री महाविद्यालय नहीं हैं, ऐसे प्रखंडों में एक डिग्री कॉलेज खोला जायेगा. उक्त बातें रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने कहीं. मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वर्ग एक से 10 वीं तक के सामान्य श्रेणी के छात्रों को मिलने वाले छात्रवृत्ति दर को दोगुना किया जायेगा. इसके साथ ही निजी जन भागीदारी के आधार पर नये सरकारी मेडिकल कॉलेज कॉलेज बनाये जायेंगे. प्रथम चरण के तहत बिहार राज्य के सभी नौ प्रमंडलों के जिला मुख्यालय में 108 चिकित्सा केंद्र खोले जायेंगे, तो मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग व अत्यंत पिछड़ा वर्ग प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत राज्य के सरकारी विद्यालय या मान्यता प्राप्त स्थापना विद्यालय में एक से 10 वीं तक के अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति दर को दोगुना किया जायेगा. साथ ही एससी-एसटी के छात्रों को दिये जाने वाले छात्रवृत्ति योजना की दर भी दोगुना किया जायेगा. शिक्षा व कृषि के क्षेत्रों में होगा विकास उन्होंने कहा शिक्षा व कृषि के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी विकास किया जायेगा. सरकार द्वारा राज्य के सभी जिला में स्थित बस स्टैंड को आधुनिक बनाया जायेगा. किसानों की आय में वृद्धि व राज्य में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए बिहार खाद्य संस्करण नीति 2025 लायी जायेगी. साथ ही कहा कि राज्य के प्रमुख शहरों में कामकाजी महिलाओं को स्वास्थ्य व सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दृष्टिकोण से कामकाजी महिला छात्रावास की स्थापना की जायेगी. राज्य के प्रमुख शहरों में महिला वाहन परिचालन प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जायेगी, प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं को पर्यटक गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर रोजगार का अवसर प्रदान किया जायेगा. साथ ही कहा कि पर्व-त्योहार विशेष कर महिलाओं द्वारा संचालित छठ पूजा के अवसर पर धार्मिक पर्यटन योजना की शुरुआत की जायेगी. कहा कि महिला सिपाहियों की पदस्थापन थाने के आसपास आवासन सुनिश्चित करने हेतु राज्य सरकार द्वारा किराये पर भी आवास लेकर उन्हें आवासीय सुविधा दी जायेगी. साथ ही कहा कि राज्य के नदियों पर पुलों की संख्या व उनकी क्षमता बढ़ायी जायेगी, ताकि राज्य के किसी कोने से कोई भी व्यक्ति पांच घंटे में पटना पहुंच सके. साथ ही कहा कि राज्य के 21 कृषि उत्पादन बाजार प्रांगण के आधुनिकीकरण व समुचित विकास के लिए क्रियान्वयन किया जा रहा है. प्रखंड स्तर पर सरकारी सुधा आउटलेट खुलेगा साथ ही कहा कि राज्य के प्रत्येक पंचायत में गरीब कन्याओं के विवाह हेतु कन्या विवाह मंडप का निर्माण कराया जायेगा व कन्या विवाह मंडप का संचालन महिलाओं द्वारा किया जायेगा. साथ ही कहा कि राजगीर, सुल्तानगंज सहित बिहार में स्थित कई हवाई अड्डा को विकसित किया जायेगा. साथ ही कहा कि प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति के उत्पाद को उचित मूल्य व विपणन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण व विपणन फाउंडेशन द्वारा सुधा के तर्ज पर संयुक्त रूप से राज्य के सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तर पर सरकारी सुधा आउटलेट खोला जायेगा. इसके साथ ही सरकार द्वारा स्थापित व संचलित किये जाने वाली सभी 52 योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
