जेवर चमकाने के बहाने चार लाख रुपये के गहने ले भागे शातिर ठग

सेल्समैन बनकर घर में घुसे ठग, क्लीनर बेचने के नाम पर जीती महिलाओं की विश्वसनीयता

सेल्समैन बनकर घर में घुसे ठग, क्लीनर बेचने के नाम पर जीती महिलाओं की विश्वसनीयता झांसे में आकर बहुओं ने थमा दिये जेवर, पानी मांगने के बहाने फरार हुए अपराधी दुर्गावती. प्रखंड क्षेत्र में गहनों को चमकाने के नाम पर सीधे-सादे लोगों को बेवकूफ बनाकर ठगी करने व आभूषणों को लेकर भाग जाने वाले गिरोह के सदस्य इन दिनों सक्रिय हो गये हैं. ये ठग ज्यादातर महिलाओं को टारगेट कर रहे हैं. ऐसा ही एक मामला स्थानीय क्षेत्र के चेहरिया बाजार के एक घर से आया है. ठगी का शिकार हुए पीड़ित परिजनों ने अज्ञात ठगों के विरुद्ध पुलिस को आवेदन देकर गुहार लगायी है. पुलिस को दिये गये आवेदन में चेहरिया गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया है कि दो अप्रैल को दिन के करीब एक बजे उनके घर दो अज्ञात लोग आये व दरवाजे की कुंडी खटखटाते हुए आवाज दी कि हमलोग कंपनी से आये हैं. दरवाजा खोलने पर उन्होंने घर की दोनों बहुओं से कहा कि वे बाथरूम क्लीनर बेचते हैं व साथ ही सोना-चांदी की साफ-सफाई भी करते हैं. बहुओं ने पहले चांदी के पायल साफ करने के लिए दिये. चांदी की चमक देखकर बहुओं ने अपना सोने का 40 ग्राम का हार, 12 ग्राम का झुमका, 10 ग्राम का लॉकेट व अन्य जेवरात भी सफाई के लिए दे दिये. इसी दौरान एक व्यक्ति ने पानी मांगा व दूसरे ने सर्फ मांगा. जैसे ही दोनों बहुएं किचन में गयीं, शातिर ठग सभी जेवरात लेकर फरार हो गये. घटना के संबंध में पीड़ित पुत्र अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह बच्चों को स्कूल से लाने गये थे व घर पर केवल पत्नी व भाभी थीं. बाजार के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की छानबीन की गयी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका. पता चला है कि शातिर ठगों की संख्या तीन थी, जिसमें एक बाइक पर था व दो लोग गलियों में घूम रहे थे. उन्होंने अन्य घरों के दरवाजे भी खटखटाया थे, लेकिन दोपहर के कारण वहां दरवाजा नहीं खुला. अंत में वे इस घर में घुसने में सफल रहे व लगभग चार लाख रुपये के गहने ले भागे. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >