Kaimur News: कैमूर जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बैंक खाते की आधार सीडिंग और जीवन प्रमाणीकरण कराना जरूरी कर दिया गया है. विभाग ने पेंशनधारियों से जल्द से जल्द दोनों प्रक्रियाएं पूरी करने की अपील की है, ताकि पेंशन भुगतान में किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
पेंशनधारियों को सबसे पहले संबंधित बैंक शाखा में जाकर अपने बैंक खाते को आधार से सीडेड कराना होगा. इसके बाद अपने नजदीकी वसुधा केंद्र पर पहुंचकर ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विभाग के अनुसार, पेंशन भुगतान की प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए इन दोनों कार्यों को समय पर पूरा करना आवश्यक है.
ऑनलाइन परेशानी होने पर विकास मित्र से करें संपर्क
यदि किसी पेंशनधारी को ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण कराने में परेशानी होती है, तो वह अपने क्षेत्र के विकास मित्र से संपर्क कर सकता है. ऐसे पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण कराया जाएगा.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया हर हाल में इसी माह में पूरी करनी होगी. अधिकारियों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार नहीं करें और संबंधित बैंक, वसुधा केंद्र अथवा विकास मित्र से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करा लें.
आधार सीडिंग और जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर पेंशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है. इसलिए पेंशनधारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर दोनों प्रक्रियाएं पूरी करने को कहा गया है.
