बकाया रुपये मांगने पर युवक से मारपीट, दांत से काटकर किया घायल, लॉकेट और 10 हजार रुपये छीने

जहानाबाद में उधारी के 30 हजार रुपये मांगने पर युवक के साथ मारपीट और छिनतई की घटना सामने आई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल मोड़ के समीप बकाया रुपये मांगने पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट, दांत से काटकर घायल करने और छिनतई का मामला सामने आया है. मामले को लेकर पटना जिले के सिगोड़ी थाना क्षेत्र के बहादुरगंज निवासी और वर्तमान में शहर के नया टोला में रह रहे शशि कुमार उर्फ आर्यन कुमार ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

हॉस्पिटल मोड़ पर रोककर शुरू कर दी मारपीट

पीड़ित के अनुसार वह कपड़ा दुकान से काम निपटाकर अपने कमरे पर लौट रहा था. इसी दौरान हॉस्पिटल मोड़ के पास मखदुमपुर निवासी सूरज कुमार, होरिलगंज निवासी हीरा कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया. आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. कुछ देर बाद एक स्कॉर्पियो से चार-पांच अन्य लोग भी वहां पहुंचे और हमला कर दिया.

दांत से काटकर किया लहूलुहान

मारपीट के दौरान मुख्य आरोपी सूरज कुमार ने पीड़ित के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. इसके बाद आरोपियों ने उसके गले से सोने का लॉकेट और जेब में रखे 10 हजार रुपये नकद छीन लिये. शोर सुनकर स्थानीय लोगों को मौके पर आता देख सभी आरोपी वहां से फरार हो गये.

मोबाइल खरीदने के लिए लिये थे 30 हजार रुपये

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि विवाद रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ. आरोप है कि सूरज कुमार ने जुलाई में मोबाइल खरीदने के लिए उससे 30 हजार रुपये उधार लिये थे. रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की.

वीडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित के अनुसार पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है. मारपीट में घायल होने के बाद उसने सदर अस्पताल में इलाज कराया और फिर नगर थाने में आवेदन दिया. नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस स्कॉर्पियो के नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >