Arwal News: परासी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के परशुरामपुर मोड़ के समीप से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है. इस दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
परासी थानाध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि परशुरामपुर मोड़ के समीप चोरी की दो मोटरसाइकिल खड़ी है. सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और वहां से हीरो स्प्लेंडर की दो बाइक बरामद कर ली. प्रारंभिक जांच में दोनों मोटरसाइकिल चोरी की प्रतीत होने पर उन्हें जब्त कर थाना लाया गया.
तीन युवकों से हो रही पूछताछ
थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक के साथ मौजूद तीन युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है. सभी से गहन पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में हिरासत में लिए गए एक युवक के विरुद्ध पहले से चोरी का मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिससे उसके वाहन चोरी गिरोह से जुड़े होने की आशंका और मजबूत हुई है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गई बाइक कहां से लाई गई थी, गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा जिले और आसपास के क्षेत्रों में किन-किन स्थानों पर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है. पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इंजन और चेसिस नंबर का किया जा रहा सत्यापन
पुलिस बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर का सत्यापन कर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने में जुटी है. साथ ही हिरासत में लिए गए युवकों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले में विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
