Police suspended : जहानाबाद में शराब तस्कर की जब्त बाइक को कथित रूप से थाने से छोड़ने के मामले में कर्तव्यहीनता बरतने के आरोप में नगर थाने के मुंशी पीटीसी अभिमन्यु कुमार और टाइगर मोबाइल के जवान सौरभ कुमार को निलंबित कर दिया गया है. दोनों पर आरोप है कि शराब बरामदगी के बाद जब्त की गई तस्कर की बाइक को बिना वरीय पदाधिकारी को सूचना दिए और बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए थाने से छोड़ दिया गया. एसपी कोटा किरण कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है.
छापेमारी में शराब के साथ जब्त हुई थी बाइक
एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में नगर थाना क्षेत्र के ठाकुरबाड़ी पानी टंकी के समीप पुलिस ने छापेमारी कर शराब बरामद की थी. इस दौरान शराब तस्कर की बाइक भी जब्त कर नगर थाने लाई गई थी. आरोप है कि बाद में नगर थाने के मुंशी और टाइगर मोबाइल जवान की मिलीभगत से बाइक को बिना वरीय अधिकारी की जानकारी और कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया गया. एसपी के अनुसार, यह मामला पुलिसकर्मियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है. साथ ही शराब माफिया से पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत की आशंका को भी गंभीर बनाता है.
पुलिस मुख्यालय में की गई थी शिकायत
बाइक छोड़ने के मामले की शिकायत कुछ दिन पूर्व पुलिस मुख्यालय में की गई थी. शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया. इसके बाद मुख्यालय के निर्देश पर पटना से वरीय पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम जहानाबाद पहुंची थी. तीन दिन पूर्व जांच टीम ने नगर थाने में टाइगर मोबाइल के सभी जवानों से एक-एक कर पूछताछ की थी. इसके अलावा शराब तस्कर से कथित मिलीभगत के आरोप में संदिग्ध पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की गई थी.
एसडीपीओ के नेतृत्व में भी हुई जांच
मामला सामने आने के बाद एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में अलग से जांच कमेटी गठित की थी. जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नगर थाने के मुंशी और टाइगर मोबाइल जवान के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई.
एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और जांच के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर कुछ अन्य संदिग्ध पुलिसकर्मियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल शराब तस्कर की बाइक थाने से छोड़े जाने के मामले में जांच जारी है. जांच में दोषी पाए जाने पर अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.
एसपी ने कहा- लापरवाही करने वालों को नहीं बख्शेंगे
एसपी कोटा किरण कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कार्य में कोताही बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी कई पुलिसकर्मियों पर हो चुकी है कार्रवाई
जहानाबाद में हाल के दिनों में कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में कई पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है. कुछ समय पहले कांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के आरोप में नगर थाने के मुंशी श्रीकांत कुमार और नगर थाना के अंचल निरीक्षक रघुनाथ प्रसाद को निलंबित किया गया था.
इसके अलावा कुछ दिन पूर्व परसबिगहा थानाध्यक्ष जैनेंद्र भारती और एएसआई लव कुमार को भी निलंबित किया गया था. एएसआई पर चोर को पकड़ने के बाद छोड़ने, जबकि थानाध्यक्ष पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप था.
पूर्व एसपी के कार्यकाल में भी हुई थी सख्त कार्रवाई
इससे पहले परसबिगहा और मखदुमपुर थाना के थानाध्यक्षों पर भी कर्तव्यहीनता के आरोप में कार्रवाई हुई थी. तत्कालीन एसपी अपराजिता लोहान ने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की थी. परसबिगहा के तत्कालीन थानाध्यक्ष श्याम किशोर पांडे पर हत्या के एक मामले में तीन वर्ष पूर्व करंट लगने से मर चुके युवक को नामजद अभियुक्त बनाने का आरोप लगा था. आरोप था कि वर्ष 2026 के फरवरी में हुई हत्या के मामले में मृत युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई, जिसे अनुसंधान में गंभीर लापरवाही माना गया.
वहीं कोडौना समेत दो थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों पर एसपी के निर्देश का पालन नहीं करने और रात में जिले में चलाए गए एस-ड्राइव के दौरान थाना परिसर में मौजूद रहने का आरोप लगा था. जांच में संबंधित पदाधिकारी का मोबाइल लोकेशन थाना परिसर में पाया गया था, जबकि उनका मोबाइल नंबर कनिष्ठ पुलिसकर्मी के पास मिला था.
