जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अनियंत्रित होकर एक टेम्पो पलट गया, जिससे उस पर सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
कार को बचाने के प्रयास में पलटा टेम्पो
प्राप्त जानकारी के अनुसार घोसी प्रखंड के अहियासा गांव निवासी एक ही परिवार के लोग किसी काम से टेम्पो पर सवार होकर जहानाबाद कोर्ट जा रहे थे. इसी दौरान कारगिल चौक के पास आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. कार से टक्कर बचाने के प्रयास में टेम्पो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया.
हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल
इस दुर्घटना में अहियासा गांव निवासी संतोष बिंद, जासु देवी, बबिता देवी और सरस्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद टेम्पो में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस कर रही जांच
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
