अरवल: जिले में एक हजार से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में डूबीं गांवों की गलियां

मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत अरवल में लगाई गई हजारों सोलर स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई हैं. जिले की 64 पंचायतों के 852 वार्डों में 9,120 लाइटों में से एक हजार से अधिक बंद पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है.

Arwal News : अरवल मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत गांवों की गलियों को रोशन करने के लिए लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइटों का लाभ जिले के कई पंचायतों में लोगों को नहीं मिल पा रहा है. जिले की 64 पंचायतों के 852 वार्डों में लगाई गई 9,120 सोलर स्ट्रीट लाइटों में एक हजार से अधिक खराब पड़ी हैं. समय पर मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को रात में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि खराब लाइटें केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गई हैं.

जिले के हर वार्ड में लगी थीं 10-10 सोलर लाइटें

मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत प्रत्येक वार्ड में 10 स्थानों का चयन कर सोलर लाइट लगाने की योजना बनाई गई थी. ग्राम सभा की स्वीकृति और वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के अनुमोदन के बाद जिले की सभी पंचायतों में लाइटें लगाई गईं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की गलियां रात में भी रोशन रह सकें.

जिले की 64 पंचायतों में लगी हैं 9120 लाइटें

जिले की 64 पंचायतों के 852 वार्डों में कुल 9,120 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं. इनमें से एक हजार से अधिक लाइटें खराब हो चुकी हैं. लंबे समय से बंद पड़ी इन लाइटों की मरम्मत नहीं होने के कारण कई गांवों की गलियां फिर से अंधेरे में डूब गई हैं.

दो कंपनियों को सौंपी गई थी जिम्मेदारी

सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य दो एजेंसियों को सौंपा गया था. कलेर प्रखंड में सोलेक्स एनर्जी लिमिटेड तथा अरवल, करपी, कुर्था और सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंडों में सावित्री सोलर प्राइवेट लिमिटेड को कार्यादेश दिया गया था. संबंधित कंपनियों पर समय पर रखरखाव और मरम्मत की भी जिम्मेदारी है.

प्रखंडवार लगी हैं हजारों लाइटें

अरवल प्रखंड में 1,550, करपी में 2,720, कुर्था में 1,460, सोनभद्र बंशी सूर्यपुर में 1,160 तथा कलेर प्रखंड में 2,230 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं. इनमें बड़ी संख्या में लाइटें खराब होने से योजना का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल रही है.

सूचना मिलने पर होती है मरम्मत : अभियंता

ब्रेडा के कनीय अभियंता राजीव रंजन ने बताया कि खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की सूचना मिलने पर संबंधित कंपनी से उनकी मरम्मत कराई जाती है. उन्होंने कहा कि मुखिया या संबंधित पंचायत की ओर से सूचना मिलने के बाद खराब लाइटों को ठीक कराने की कार्रवाई की जाती है.

जहानाबाद में डायल 112 की त्वरित सेवा: औसतन 7 मिनट 53 सेकंड में पहुंच रही पुलिस, जून में 2136 कॉल पर कार्रवाई



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nishikant kumr

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >