अरवल: मधुश्रवा धाम में 30 जुलाई से शुरू होगा श्रावणी मेला, शिवभक्तों के स्वागत को तैयार है प्रशासन

अरवल के कलेर स्थित प्रसिद्ध मधुश्रवा धाम में 30 जुलाई से श्रावणी मेला शुरू होगा. सावन में हजारों श्रद्धालु पवित्र सरोवर में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं.

Arwal News: पवित्र सावन माह के आगमन के साथ ही प्रसिद्ध मधुश्रवा धाम एक बार फिर शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है. आगामी 30 जुलाई से मधुश्रवा में श्रावणी मेले का शुभारंभ होगा. मेले को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग सावन की शुरुआत भगवान शिव की आराधना और मधुश्रवा धाम के पवित्र सरोवर में स्नान कर करना चाहते हैं.

सावन में उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

श्रावण मास के दौरान पूरे महीने मधुश्रवा धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है. खासकर प्रत्येक सोमवार को यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सबसे पहले पवित्र सरोवर में स्नान करते हैं.

इसके बाद भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधिवत पूजन करते हैं. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सावन माह में मधुश्रवा धाम में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं.

पूरे सावन चलता है भव्य मेला

मधुश्रवा श्रावणी मेला में श्रद्धालु केवल पूजा और स्नान के लिए ही नहीं पहुंचते हैं, बल्कि पूरे सावन माह तक यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाता है.

मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें लगाई जाती हैं, जिसमें खेल-तमाशे, दवा, खान-पान, मनोरंजन और जरूरत की अन्य वस्तुओं की दुकानें शामिल रहती हैं. प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग मेले में पहुंचते हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवी माहौल में बदल जाता है.

श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर तैयारी तेज

30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले को लेकर स्थानीय प्रशासन और मेला समिति तैयारियों में जुटी हुई है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

प्रशासन का प्रयास है कि मेले के दौरान आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे पुरुष और महिला जवान

मेहंदिया थाना अध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान मधुश्रवा धाम में सुरक्षा की पूरी व्यवस्था रहेगी. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुरुष और महिला सिपाहियों की तैनाती की जाएगी.

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को स्नान आदि में सहयोग करेंगे और मेले की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएंगे.

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेगा मधुश्रवा

सावन की पावन बेला में मधुश्रवा धाम एक बार फिर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठेगा. श्रद्धालुओं का मानना है कि मधुश्रवा धाम में पूजा-अर्चना के साथ सावन की शुरुआत करना शुभ और फलदायी होता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >