jehanabad sadar hospital: सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को CT Scan तथा MRI की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यूनिट की स्थापना होनी थी. हालांकि लंबे समय बीत जाने के बाद भी अब तक इस दिशा में कोई अग्रेतर कार्रवाई नहीं हुई है. अब यह योजना ठंडे बस्ते में पड़ गई है. नए भवन के हैंडओवर होने के बाद ही मरीजों को CT Scan तथा MRI की सुविधा मिल पाएगी.
मरीजों को CT Scan तथा MRI की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा कुछ माह पूर्व तेजी से प्रयास किया गया था. सदर अस्पताल परिसर में बन रहे नए भवन के ग्राउंड फ्लोर पर CT Scan तथा MRI यूनिट स्थापित करने को लेकर सिविल सर्जन और डीपीएम द्वारा जगह का चयन भी कर लिया गया था. यूनिट स्थापित करने वाली एजेंसी को इसकी जानकारी दे दी गई थी. एजेंसी द्वारा जगह का निरीक्षण करने के बाद यूनिट स्थापित करने पर सहमति भी दी गई थी. लेकिन बाद में मामला ठंडा पड़ गया.
गया-पटना जाना पड़ रहा है मरीजों को
वर्तमान में सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को CT Scan तथा MRI जैसी सुविधाओं के लिए गया और पटना जाना पड़ता है. सदर अस्पताल में इसकी व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
पहले भी हुआ था जगह का चयन
सदर अस्पताल में CT Scan की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर पूर्व में भी यूनिट स्थापित करने के लिए जगह का चयन किया गया था. अस्पताल परिसर में जगह नहीं मिलने के बाद अस्पताल के समीप संचालित एक विद्यालय में जगह का चयन किया गया था. यहां CT Scan यूनिट स्थापित की जानी थी. हालांकि संबंधित एजेंसी ने उस जगह को सुरक्षित नहीं मानते हुए यूनिट स्थापित करने से इनकार कर दिया था. अब जब तक सदर अस्पताल का नया भवन बनकर तैयार नहीं हो जाता है, तब तक यूनिट स्थापित होना संभव नहीं दिख रहा है.
दिसंबर तक नया भवन पूरा होने की संभावना
नए भवन के हैंडओवर होने तक मरीजों को CT Scan और MRI की सुविधा के लिए इंतजार करना पड़ेगा. सदर अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूरा होने की संभावना है. ऐसे में मरीजों को इस सुविधा के लिए अभी कई माह और इंतजार करना पड़ सकता है.
क्या कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी ने बताया कि सदर अस्पताल में CT Scan तथा MRI की सुविधा उपलब्ध कराई जानी है. यूनिट की स्थापना के लिए नए भवन में जगह उपलब्ध कराई जाएगी.
