Jahanabad New : जहानाबाद में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों तथा दिल्ली, पटना, जहानाबाद समेत अन्य स्थानों पर छात्रों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला. मार्च अरवल मोड़ से अंबेडकर चौक तक निकाला गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया.
छात्रों पर कार्रवाई को बताया लोकतंत्र के खिलाफ
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज, मारपीट और फायरिंग लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है. उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को वार्ता के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए.
छात्रों की रिहाई और मुकदमे वापस लेने की मांग
राजद नेताओं ने हिरासत में लिए गए सभी छात्रों की रिहाई, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे बिना शर्त वापस लेने तथा घटनाओं से प्रभावित छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग की. साथ ही जिला महासचिव सह सांसद प्रतिनिधि धर्मपाल सिंह यादव पर दर्ज मुकदमे को भी वापस लेने की मांग उठाई.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
आक्रोश मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर, जिला प्रधान महासचिव परमहंस राय, बैकुंठ यादव, संजय यादव, मनोज यादव, अवधेश चंद्रवंशी, अशोक यादव, डॉ. अजय, सुमन सिद्धार्थ, रंजीत पासवान, प्रमिला सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे.
