Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार मोहल्ले में संपत्ति विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर तोड़फोड़, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुट गई है.
पहले पक्ष ने घर में घुसकर हमला करने का लगाया आरोप
राजा बाजार निवासी चंदन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे. इसी दौरान अमरेश कुमार जबरन उनके घर में घुस आए और घर का सामान तोड़फोड़ कर उनकी मां और दादी के साथ मारपीट की. उन्होंने आरोप लगाया कि अगले दिन समझाने जाने पर अमरेश कुमार और उनके पुत्र आयुष कुमार ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया.
दूसरे पक्ष ने ताला तोड़ने और जानलेवा हमले का लगाया आरोप
दूसरे पक्ष की सुगंती देवी, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ मुंबई के कुर्ला में रहती हैं, ने बताया कि वह पति और बच्चों के साथ जहानाबाद स्थित पैतृक घर आई थीं. उनके अनुसार, अगले ही दिन उनकी जेठानी रीना देवी तथा उनके पुत्र चंदन कुमार और रितेश कुमार ने कमरे का ताला तोड़ दिया. विरोध करने पर तीनों ने उनके पति और पुत्र आयुष कुमार के साथ मारपीट की.
लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला
सुगंती देवी का आरोप है कि उनके पति अमरेश कुमार और पुत्र आयुष कुमार पर लाठी-डंडे एवं अन्य हथियारों से हमला किया गया, जिसमें तीनों घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले.
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मामला थाना तक पहुंच गया. नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
