Jehanabad News (जहानाबाद से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)
जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार में शुक्रवार को अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने स्थानीय प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी. महज कुछ घंटों की भारी बारिश के कारण पूरा बाजार क्षेत्र जलमग्न हो गया और नालियों का गंदा पानी उफान मारते हुए एक दर्जन से अधिक दुकानों और कई रिहायशी घरों में घुस गया.
सामान बचाने की मची जद्दोजहद, तालाब बनीं सड़कें
बारिश शुरू होते ही हुलासगंज बाजार की मुख्य सड़क ने किसी तालाब का रूप ले लिया. नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई और देखते ही देखते दुकानों के अंदर गंदा पानी भरने लगा. इस अचानक आई आफत से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार आनन-फानन में अपना कीमती सामान ऊंचे स्थानों पर छिपाते और हटाते नजर आए. वहीं, घरों में पानी घुस जाने से लोगों का चूल्हा-चौका तक प्रभावित हो गया.
10 साल से नहीं हुई नाले की उड़ाही, बदहाल हुई व्यवस्था
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बताया कि पूरे बाजार के पानी की निकासी के लिए मुख्य सड़क के समानांतर एक मुख्य नाले का निर्माण कराया गया था. लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि पिछले 10 वर्षों से इस नाले की उड़ाही (सफाई) नहीं कराई गई है. लंबे समय से सफाई न होने के कारण नाला पूरी तरह से जाम हो चुका है.
व्यापार पर पड़ रहा सीधा असर
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नाला जाम रहने के कारण आम दिनों में भी सड़कों पर गंदा पानी बहता रहता है. इसके कारण अंदरूनी बाजार में ग्राहकों का आना-जाना दूभर हो गया है, जिससे उनका व्यापार पूरी तरह ठप होने की कगार पर है. दुकानों तक थोक माल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
विधायक पर नाराजगी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी सुरेंद्र साव, बसंत साव और सुनील प्रसाद समेत कई अन्य लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वर्तमान विधायक ऋतुराज कुमार से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई और ठोस कदम उठाने की मांग की गई, लेकिन अब तक आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ.
Also Read: कनौली गांव में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी
