Jehanabad News : जहानाबाद पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, ऐनवा में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, बजट, आवश्यक उपकरण एवं फर्नीचर की खरीद समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार पर जोर
जिला पदाधिकारी ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की. उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने की सलाह दी. साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया.
आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता
बैठक में दो इंटरैक्टिव पैनल की स्थापना, विद्यालय पहुंच पथ की मरम्मत, रंग-रोगन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा विद्यालय की सीमा दीवार को पूर्ण करने सहित अन्य कार्यों पर चर्चा की गयी. जिला पदाधिकारी ने आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
सेवा संकल्प अभियान में भागीदारी पर जोर
बैठक के दौरान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी चर्चा की गयी. जिला पदाधिकारी ने अभियान के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने विशेष रूप से देशव्यापी चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने की बात कही.
समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं का विकास भी प्राथमिकता में होना चाहिए.
ये रहे मौजूद
बैठक में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य, डीएवी के प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, अभिभावक सदस्य सरिता कुमारी एवं संत विजय यादव, शिक्षक प्रतिनिधि वेद प्रकाश आर्य सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे.
