Jehanabad police suspension : जिले के परसबिगहा थाना के थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भारती और एएसआई लव कुमार सिंह को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. थानाध्यक्ष पर शिकायतकर्ता की प्राथमिकी दर्ज नहीं करने, जबकि एएसआई पर पकड़े गए चोर को छोड़ देने का आरोप है. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने दोनों पुलिस अधिकारियों के निलंबन की पुष्टि की है.
एफआईआर दर्ज नहीं करने पर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में परसबिगहा थाना क्षेत्र के सोहरईया गांव में मुस्लिम परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. पीड़ित पक्ष शिकायत लेकर थाना पहुंचा, लेकिन थानाध्यक्ष ने उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की. इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची.
एसपी के निर्देश पर कराई गई जांच में शिकायत सही पाई गई. इसके बाद थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
चोर को छोड़ने के आरोप में एएसआई भी सस्पेंड
एएसआई लव कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध चोर को पकड़कर थाना लाया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया. मामले की जानकारी मिलने पर एसपी ने जांच कराई. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एएसआई के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई.
एसपी बोले- लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने स्पष्ट कहा कि कार्यप्रणाली में लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा. कर्तव्य के प्रति उदासीनता और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
पहले भी तीन थानेदार हो चुके हैं निलंबित
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले तत्कालीन एसपी अपराजित लोहान ने भी कर्तव्यहीनता के आरोप में परसबिगहा, कड़ौना और मखदुमपुर थानों के थानाध्यक्षों को निलंबित किया था.
तत्कालीन परसबिगहा थानाध्यक्ष श्याम किशोर पांडेय पर हत्या के एक मामले में तीन वर्ष पहले करंट लगने से मृत युवक को नामजद अभियुक्त बनाने का आरोप लगा था. वहीं कड़ौना समेत दो थानेदारों पर एसपी के निर्देशों का पालन नहीं करने और रात्रि गश्ती के दौरान अनुपस्थित रहने के आरोप में कार्रवाई की गई थी. जांच में संबंधित अधिकारियों का मोबाइल थाना परिसर में मौजूद कनिष्ठ पुलिसकर्मियों के पास पाया गया था, जिसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया था.
ALSO READ: पटना नगर निगम का एक्शन, प्रॉपर्टी टैक्स चोरी पर सख्ती, बिजली कनेक्शन के डेटा से होगी जांच
