जहानाबाद नगर. डीएम की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में मीडिया सर्टिफिकेशन व मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की गयी. बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के आलोक में समिति के कार्यों की समीक्षा की गयी. मीडिया सर्टिफिकेशन व मॉनिटरिंग कमेटी का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों द्वारा प्रकाशित या प्रसारित किये जाने वाले सभी प्रकार के विज्ञापनों (प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म) का पूर्व प्रमाणन करना, पेड न्यूज़ की रोकथाम करना तथा चुनाव व्यय की सटीक निगरानी सुनिश्चित करना है. डीएम ने स्पष्ट किया कि आयोग के नियमों के विपरीत किसी भी विज्ञापन का प्रसारण प्रतिबंधित रहेगा तथा ऐसे मामलों में समिति त्वरित निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी. साथ ही व्यय लेखा संधारण से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई, ताकि अभ्यर्थियों के वास्तविक खर्च का लेखा-जोखा पारदर्शी ढंग से दर्ज किया जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
