यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेर थाना पुलिस ने शुक्रवार की शाम मुख्य सोन नहर पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई. वाहनों के आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गयी. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल छह हजार रुपये जुर्माना वसूला गया.
कलेर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, आवश्यक कागजात साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
