Arwal News : अरवल जिले के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलिदाद एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) से जुड़े मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक (RDDE), मगध प्रमंडल, गया ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक सप्ताह के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है.
छात्रावास में आवास देने के आधार पर उठे सवाल
RDDE संजय कुमार चौधरी द्वारा जारी पत्र में प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव कुमार और प्रभारी वार्डन सह वरीय शिक्षिका बबली कुमारी से पूछा गया है कि KGBV (टाइप-4) की एसओपी के तहत छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए नवपदस्थापित प्रधानाध्यापिका विनिता कुमारी को छात्रावास परिसर में आवास की अनुमति किस आधार पर दी गई.
पहले भी हो चुकी है अनुशासनात्मक कार्रवाई
पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बलिदाद के छात्रावास में छात्राओं से तेल मालिश और मेहंदी लगवाने के आरोप में तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है. इसी पृष्ठभूमि में वर्तमान व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं.
एक सप्ताह में जवाब नहीं तो होगी कार्रवाई
RDDE ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि संबंधित पक्ष को कुछ नहीं कहना है. इसके बाद विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा.
डीईओ को भी दिए गए निर्देश
इस संबंध में जारी पत्र की प्रति जिला शिक्षा पदाधिकारी, अरवल को भी भेजी गई है. उन्हें निर्देश दिया गया है कि पत्र का तामिला कराकर निर्धारित समय के भीतर तामिला प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके.
