कनौली गांव में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी

Jehanabad News: जहानाबाद के मखदुमपुर प्रखंड स्थित कनौली गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी, जेवर और जमीन के कागजात चोरी कर लिए. घटना के बाद गांव में दहशत है, जबकि पुलिस डॉग स्क्वॉड की मदद से मामले की जांच में जुटी है.

Jehanabad News (मखदुमपुर से रमेश कुमार की रिपोर्ट): जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला टेहटा थाना क्षेत्र के कनौली गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ही रात तीन घरों में घुसकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद गांव में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है.

जानकारी के अनुसार चोरों ने कनौली गांव निवासी गंगेश्वर शर्मा, मनोज शर्मा और योगेश्वर शर्मा के घरों को निशाना बनाया. गृहस्वामी गंगेश्वर शर्मा ने बताया कि देर रात चोर घर में घुस गए और लगभग 50 ग्राम सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी के जेवरात तथा करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. चोरी की जानकारी सुबह होने पर परिवार के लोगों को हुई, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई.

नगदी, जेवर और जमीन के कागजात भी ले गए चोर

पीड़ित मनोज शर्मा ने बताया कि उनके घर से चोरों ने करीब 40 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, कनवाली, अंगूठी समेत लगभग 90 ग्राम सोने के आभूषण तथा करीब 250 ग्राम चांदी के सामान चोरी कर लिया. इसके अलावा घर में रखे महत्वपूर्ण जमीन के कागजात भी चोर अपने साथ ले गए. पीड़ित परिवारों ने बताया कि चोरी की घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

तीसरे घर में चोरी का प्रयास विफल

ग्रामीण योगेश्वर शर्मा के घर में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश वे वहां सफल नहीं हो सके. एक ही गांव में लगातार तीन घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है.

डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच में जुटी पुलिस

घटना को लेकर पीड़ित परिवारों ने टेहटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है. थाना अध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटना के खुलासे के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई है और जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: जहानाबाद में खेत में करंट लगने से किसान की दर्दनाक मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >