जहानाबाद सदर अस्पताल में भूख-प्यास से तड़प रहा लावारिस मरीज, अर्ध-बेहोश हाल में पुलिस ने लाकर छोड़ा

Jehanabad News: सदर अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. कल शाम पुलिस द्वारा लाकर छोड़े गए एक अज्ञात लावारिस मरीज की अस्पताल प्रशासन ने सुध तक नहीं ली, जिससे वह बिना इलाज और भोजन-पानी के बेड पर पड़ा तड़प रहा है.

Jehanabad News (संजय अनुराग की रिपोर्ट) : सदर अस्पताल जहानाबाद में मानवता को तार-तार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है, जहां एक अज्ञात मरीज अर्ध-बेहोशी की हालत में बेड पर पड़ा हुआ है, लेकिन उसका कोई ट्रीटमेंट (इलाज) नहीं किया जा रहा है. मरीज की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है. वह लगातार कांप रहा है और कुछ बोलना चाह रहा है, लेकिन मुंह से आवाज नहीं निकल पा रही है.

बुधवार की सुबह से ही वह इसी बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है. संवेदनहीनता का आलम यह है कि न तो उसके बेड पर कोई चादर है और न ही उसे सलाइन (पानी) चढ़ाया गया है.

पुलिस बीते शाम लावारिस हालत में लेकर आई

बताया जाता है कि कल शाम पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में लाकर छोड़ दिया था और तब से वह यहीं पड़ा हुआ है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में उसकी स्थिति और भी ज्यादा खराब थी. मरीज के साथ उसका कोई परिजन मौजूद नहीं है. पुलिस उसे कहां से और किस हाल में उठाकर लाई है, इसकी भी स्पष्ट जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है. उसकी यह हालत किसी सड़क दुर्घटना के कारण हुई है, किसी के द्वारा मारपीट किए जाने की वजह से हुई है या वह किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित है, यह उसके होश में आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. फिलहाल उसे तुरंत बेहतर इलाज और भोजन-पानी की सख्त जरूरत है. लावारिस होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने भी उसे भगवान भरोसे छोड़ दिया है.

मुंह में लगे बोतल से पानी पीने की हालत भी नहीं

इस सिलसिले में अस्पताल परिसर में मौजूद एक अन्य मरीज के परिजन ने बताया कि वे सुबह से यहां हैं, लेकिन यह अज्ञात शख्स सुबह से ऐसे ही अस्पताल के बाहर बने वार्ड में बेड पर लाचार पड़ा हुआ है. इसका कोई इलाज नहीं हो रहा है. सुबह से अभी तक न तो कोई ट्रीटमेंट शुरू हुआ, न सलाइन चढ़ा और न ही उसे कुछ खाने-पीने के लिए दिया गया. इसी बीच किसी राहगीर को दया आई, तो उसने पानी की एक बोतल उसके मुंह में लगा दी, किंतु वह गंभीर स्थिति के कारण पानी भी पीने में असमर्थ है.

डॉक्टर बोले- मुझे जानकारी नहीं

इस पूरे गंभीर सिलसिले में जब सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद चिकित्सक डॉ. आफताब आलम से पूछा गया, तो उन्होंने ऐसे किसी भी मरीज के अस्पताल में होने को लेकर पूरी तरह अनभिज्ञता जाहिर की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में ऐसा कोई लावारिस मरीज पड़ा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. हालांकि, इस संवाददाता द्वारा जब पीड़ित मरीज के बारे में पूरी जानकारी दी गई, तब चिकित्सक ने मामले को संज्ञान में लिया और तुरंत सुरक्षा गार्ड को बुलाकर उक्त अज्ञात मरीज की पर्ची कटा कर लाने का निर्देश दिया. चिकित्सक ने आश्वासन दिया कि वे इस मरीज का ट्रीटमेंट तुरंत शुरू करवा रहे हैं.

Also Read: बिहार के 120 स्कूलों में होगी मिड डे मील की जांच, बच्चों के खाने के सैंपल लेकर परखी जाएगी गुणवत्ता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >