जहानाबाद में प्रभारी मंत्री जमा खान ने किया ‘सहयोग शिविर’ का निरीक्षण, ऑन द स्पॉट बांटे राशन और जॉब कार्ड

Jehanabad News: जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान ने जहानाबाद प्रखंड के मांदे बिगहा और काको प्रखंड के पिंजौरा पंचायत में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का औचक निरीक्षण किया. इस मौके पर उन्होंने कई लाभार्थियों के बीच राशन कार्ड, जॉब कार्ड, भूमि पर्चा और पेंशन स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया.

Jehanabad News: (मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट) बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री सह जहानाबाद जिले के प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद जमा खान ने मंगलवार (02 जून, 2026) को जिले का सघन दौरा किया. इस दौरान उन्होंने जहानाबाद प्रखंड अंतर्गत मांदे बिगहा पंचायत सरकार भवन एवं काको प्रखंड अंतर्गत पिंजौरा पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया तथा आमजनों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति की उच्च स्तरीय समीक्षा की.

मंत्री ने किया आवेदकों से सीधा संवाद

प्रभारी मंत्री ने शिविर में उपस्थित ग्रामीण आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को बेहद गंभीरता से सुना. इस क्रम में उन्होंने कई आवेदकों के आवेदन पत्रों का स्वयं अवलोकन किया तथा शिविर प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों को तत्काल ‘सहयोग पोर्टल’ पर अपलोड करना सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को विभागवार अनिवार्य रूप से पोर्टल पर चढ़ाया जाए और उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हो. पारदर्शी मॉनिटरिंग के लिए उन्होंने प्रत्येक आवेदक को ‘आवेदन प्राप्ति रसीद’ (रिसीविंग) उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया.

कार्यालयों के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति: मंत्री

निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आयोजित इस “सहयोग शिविर” का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को ब्लॉक या विभिन्न सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े. उन्होंने लोक स्वास्थ्य प्रमंडल जहानाबाद के उपस्थित अभियंता (इंजीनियर) को कड़ा निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में प्राप्त चापाकल (हैंडपंप) से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के तौर पर तुरंत ठीक करना सुनिश्चित करें.

बांटे गए राशन कार्ड, जॉब कार्ड और भूमि पर्चा

इस अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा दोनों पंचायतों में कई सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच किट और कार्ड का वितरण किया गया:

  • मांदे बिगहा पंचायत (जहानाबाद प्रखंड): यहाँ लाभुक ममता देवी, विजेंद्र पासवान, सोनी देवी, सविता देवी, रूना देवी एवं पूनम देवी को नया राशन कार्ड वितरित किया गया. इसके अतिरिक्त लाभुक खुशबू कुमारी (जॉब कार्ड संख्या-4599), हेमंती देवी (जॉब कार्ड संख्या-4598) एवं अरविंद कुमार (जॉब कार्ड संख्या-4601) को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किया गया.
  • पिंजौरा पंचायत (काको प्रखंड): यहाँ तीन लाभुकों मंजू देवी, बसंती देवी एवं किरण देवी को राशन कार्ड वितरित किया गया. साथ ही ‘अभियान बसेरा’ के अंतर्गत बुधनी देवी एवं शारदा देवी को भूमि संबंधी सरकारी पर्चा प्रदान किया गया. इसके अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत कामता प्रसाद को मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन तथा प्रिया देवी को विधवा पेंशन का आधिकारिक स्वीकृति पत्र सौंपा गया.

डीएम-एसपी समेत कई माननीय रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम के अवसर पर जहानाबाद की जिला पदाधिकारी (DM) श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अपराजित लोहान, घोषी के माननीय विधायक श्री रितुराज कुमार, जिला क्रियान्वयन समिति के माननीय उपाध्यक्ष श्री कुमार सागर उर्फ दिलीप कुशवाहा, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) श्री राजीव रंजन सिन्हा सहित जिले के अन्य तमाम वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी एवं स्थानीय त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read: स्वामी सहजानंद सरस्वती आश्रम में साप्ताहिक बैठकी शुरू, बुजुर्गों के सम्मान और समाज सेवा का लिया गया संकल्प

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >