Jehanabad News: धरनई गांव में एक ही रात चार घरों में बड़ी चोरी, लाखों की संपत्ति पर चोरों ने किया हाथ साफ

जहानाबाद के मखदुमपुर प्रखंड के धरनई गांव में एक ही रात अज्ञात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाकर नकदी व कीमती सामान सहित लाखों रुपये की चोरी की. घटना से गांव में दहशत है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों ने गश्ती बढ़ाने की मांग की है.

Jehanabad News: (रमेश कुमार की रिपोर्ट) मखदुमपुर प्रखंड के धरनई गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. लगातार हुई इस चोरी की घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है.

एक ही रात चार घरों में सेंध, नकदी और सामान चोरी

धरनई गांव में चोरों ने रामायण शर्मा, सहजानंद शर्मा, अखिलेश मालाकार और बंगट ठाकुर के घरों को निशाना बनाया. सभी घरों से नगद और कीमती सामान चोरी कर लिया गया. पीड़ित रामायण शर्मा ने बताया कि उनके घर से करीब 30 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गया.

बंद घर का ताला तोड़कर वारदात

सहजानंद शर्मा का घर बंद था क्योंकि वे इलाज के लिए बंगाल गए हुए हैं. चोरों ने ताला तोड़कर घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार घर में रखी कुल देवता की प्रतिमा भी चोरी हो गई, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है.

दो अन्य घरों में भी चोरी

अखिलेश मालाकार के घर से भी हजारों रुपये मूल्य के सामान चोरी होने की बात सामने आई है. वहीं बंगट ठाकुर के घर से करीब 40 हजार रुपये नकद सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिया गया. बंगट ठाकुर ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार ऊपरी मंजिल पर सो रहा था, जबकि चोर नीचे के कमरों का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

पुलिस जांच में जुटी, प्राथमिकी दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही उमता-धरनई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना अध्यक्ष ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

ग्रामीणों में दहशत, गश्ती बढ़ाने की मांग

एक ही रात चार घरों में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है. लोगों ने इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >