जहानाबाद में सड़क से ऊंचे बने नालों की होगी लेवलिंग, डीएम ने जाम नालों और सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण

जहानाबाद में जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. डीएम छिरिड़ वाई भूटिया ने शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर जाम नालों की तत्काल सफाई, उड़ाही और अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है.

जहानाबाद: शहर में जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने मंगलवार शाम शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर जाम नालों की सफाई, उड़ाही और अतिक्रमण हटाने का अभियान तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया. साथ ही सड़क से ऊंचे बने नालों की लेवलिंग कर जल निकासी व्यवस्था सुधारने के आदेश भी दिए.

10 वार्डों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने जिले के वरीय अधिकारियों के साथ शहर के करीब 10 वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, जलजमाव और नालों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों में गाद जमा होने और जल निकासी बाधित होने की समस्या सामने आई.

जाम नालों की होगी सफाई और उड़ाही

निरीक्षण के बाद डीएम ने नगर परिषद और बुडको के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जाम नालों की सफाई और उड़ाही का कार्य बड़े पैमाने पर तुरंत शुरू किया जाए, ताकि जलजमाव वाले इलाकों से पानी की निकासी सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिले.

नालों पर अतिक्रमण हटाने का निर्देश

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नालों और उनके आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए. उन्होंने कहा कि सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान अगले ही दिन से प्रारंभ होना चाहिए.

सड़क से ऊंचे बने नालों की होगी लेवलिंग

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि कई स्थानों पर नालों का निर्माण सड़क की सतह से अधिक ऊंचाई पर किया गया है. इससे बारिश का पानी नालों में नहीं जा पाता और सड़क पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है.

उन्होंने बुडको के अधिकारियों को ऐसे सभी नालों की लेवलिंग कर जल निकासी प्रणाली को तकनीकी मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

लोगों की समस्याएं भी सुनीं

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं. उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जलजमाव, सफाई और नाला व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा.

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, नगर परिषद के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), बुडको के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >