जहानाबाद के झुनाठी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति से विवाद के बाद घर में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Jehanabad Crime News : जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है.

Jehanabad Crime News : परसबिगहा थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान लक्ष्मण कुमार की पत्नी शीतल कुमारी (22) के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पति से विवाद के बाद हुई घटना

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह किसी बात को लेकर शीतल कुमारी का अपने पति से विवाद हुआ था. इसके बाद उसका पति घर से चला गया. उस समय घर में उसकी सास मौजूद थीं. बताया जाता है कि दोपहर में किसी काम से सास भी घर से बाहर चली गईं. शाम को लौटने पर उन्होंने बहू को मृत अवस्था में देखा. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर परसबिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

एफएसएल टीम ने की जांच

थानाध्यक्ष जेके भारती दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई नमूने एकत्र किए और जांच के लिए अपने साथ ले गई. बताया जाता है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए. मृतका की एक मौसी घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन वह भी घटना के संबंध में कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं.

दो वर्ष पहले हुई थी शादी

मृतका की शादी दो वर्ष पहले हुई थी. उसका एक वर्ष का पुत्र है. मृतका का मायका झारखंड के धनबाद जिले के भूसुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत भूली डीह में है. घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.

आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष जेके भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. मायके पक्ष के आने और आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Avinash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >