एनएच-139 पर खड़े ट्रक से टकरायी खीरा लदी पिकअप, युवक की मौत, चालक गंभीर

एनएच-139 पर हरदिया मोड़ के पास खीरा लदी पिकअप ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस जांच कर रही है।

Jehanabad News : अरवल एनएच-139 पर हरदिया मोड़ के समीप गुरुवार की देर रात खीरा लदी पिकअप खड़े ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में पिकअप में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल चालक को वाहन से बाहर निकालने में मदद की.

टक्कर में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

मृतक की पहचान करीब 28 वर्षीय पिंटू यादव, पिता श्याम लाल यादव, ग्राम चटकमान, थाना रंका, जिला गढ़वा के रूप में हुई है. घायल चालक की पहचान करीब 36 वर्षीय सुनील गुप्ता, पिता शिव कुमार गुप्ता, ग्राम एवं थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है.

बताया जाता है कि पिकअप में खीरा लदा था और वह एनएच-139 से गुजर रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरदिया मोड़ के समीप एक होटल के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ा था. इसी दौरान तेज गति से आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

युवक की मौके पर मौत, चालक अस्पताल में भर्ती

हादसे में पिंटू यादव गंभीर रूप से घायल हो गये और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. वहीं चालक सुनील गुप्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.

ट्रक चालक मौके से फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि देर रात ग्रामीणों और अन्य लोगों के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. घायल चालक को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.

फरार चालक की पहचान में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी है. ग्रामीणों के अनुसार होटल के पास खड़े ट्रक में पिकअप ने टक्कर मारी थी और घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. दुर्घटना में शामिल वाहन और फरार चालक की पहचान के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है.

जांच के बाद स्पष्ट होगा हादसे का कारण

पुलिस के अनुसार दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजनी कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >