जहानाबाद में बालू घाट पर पुलिस का छापा, ट्रैक्टर छोड़ भागे चालक; चार वाहन जब्त

घोसी के डमौआ बालू घाट पर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध बालू लदे चार ट्रैक्टर जब्त किए। पुलिस की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Jehanabad News : घोसी में अवैध बालू खनन और बालू के अवैध उठाव के खिलाफ घोसी पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने डमौआ बालू घाट पर छापेमारी कर चार ट्रैक्टर जब्त किए. पुलिस टीम को देखते ही बालू का उठाव कर रहे चालक अपने-अपने ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गए. अचानक हुई कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया.

पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर छोड़कर भागे चालक

बताया जाता है कि घोसी पुलिस को डमौआ बालू घाट पर अवैध तरीके से बालू खनन और उठाव किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद प्रशिक्षु डीएसपी सह घोसी थानाध्यक्ष अंकित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घाट पर छापेमारी की गई. पुलिस टीम जैसे ही बालू घाट के पास पहुंची, वहां बालू का उठाव कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकले. पुलिस ने मौके पर मौजूद चारों ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना परिसर पहुंचाया.

मालिकों और चालकों की पहचान में जुटी पुलिस

चालकों के मौके से फरार हो जाने के कारण पुलिस अब जब्त ट्रैक्टरों के मालिकों और चालकों की पहचान में जुटी है. वाहनों के कागजात और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टरों से किसके निर्देश पर और किस स्थान से अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा था.

अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने कहा कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन कर बालू का खनन या परिवहन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की कार्रवाई के बाद बालू घाटों पर अवैध उठाव करने वालों में भय का माहौल है. जब्त चारों ट्रैक्टरों के संबंध में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं फरार चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >