Jahanabad New : कलेर गो संरक्षण, संवर्धन और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे देशव्यापी "गौ सम्मान आह्वान अभियान" के तहत 27 जुलाई को अरवल जिला मुख्यालय में पदयात्रा और हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया जाएगा. अभियान के तहत जिला पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा.
बाबा गरीब नाथ मंदिर से निकलेगी पदयात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत अरवल शहर स्थित बाबा गरीब नाथ मंदिर परिसर से होगी, जहां अभियान से जुड़े कार्यकर्ता, गौ-सेवक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक एकत्रित होंगे. इसके बाद मंदिर से जिला मुख्यालय तक पदयात्रा निकाली जाएगी. पदयात्रा के दौरान गौ संरक्षण और गौ सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा.
ज्ञापन के माध्यम से उठाई जाएंगी मांगें
पदयात्रा के समापन पर जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा. ज्ञापन के माध्यम से गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी विभिन्न मांगों पर केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा. साथ ही हस्ताक्षर अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है.
जनभागीदारी बढ़ाने की अपील
अभियान के प्रभारी इंदल सिंह, अजय कुमार शर्मा, दीपक कुमार सिंह, कमलेश सिंह और कौशल शर्मा ने कहा कि यह किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से चलाया जा रहा जन-जागरण अभियान है. उन्होंने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रहा है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए सभी को आगे आना चाहिए.
27 जुलाई को अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने जिले के सामाजिक संगठनों, गौ-सेवकों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से 27 जुलाई को बाबा गरीब नाथ मंदिर पहुंचकर पदयात्रा और हस्ताक्षर अभियान में भाग लेने की अपील की. उन्होंने विश्वास जताया कि अरवल जिले से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी अभियान को मजबूती देगी और गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाएगी.
