जहानाबाद से अशोक कुमार की रिपोर्ट
Home guard faints due to heat : जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार ड्यूटी के कारण चार होमगार्ड जवानों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. सभी जवानों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.
इन जवानों की बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बीमार होने वाले जवानों में पूजा कुमारी, माथुर कुमार, सुबोध कुमार और रंजन कुमार शामिल हैं. ये सभी शहर के विभिन्न व्यस्त चौक-चौराहों एवं यातायात पोस्टों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में तैनात थे.
जवानों ने बताया- कई घंटों धूप में रहने पर बिगड़ी हालत
अस्पताल में भर्ती जवानों ने बताया कि लगातार कई घंटों तक कड़ी धूप में ड्यूटी करने के कारण उन्हें अत्यधिक थकान, कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत हुई. हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
हालत में सुधार, इलाज जारी
घटना के बाद पुलिस प्रशासन और ड्यूटी पर तैनात जवानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे जवानों के लिए छायादार विश्राम स्थल, शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था, ओआरएस तथा प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार सभी जवानों की स्थिति फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है तथा स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है.
ALSO READ: तेज प्रताप यादव देर रात पहुंचे सचिवालय थाना, अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव समेत आठ लोगों पर केस दर्ज
