जहानाबाद में बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंत्री ने लिया जायजा, जलकुंभी हटाने का निर्देश

मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने जहानाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

Jehanabad News : जहानाबाद में खान एवं भूतत्व तथा कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने गुरुवार को जहानाबाद शहर में दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को अलर्ट रहने और प्रभावित लोगों की सुरक्षा व राहत के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

मंत्री ने कहा कि बाढ़ से बचाव और राहत कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने शहर के गोरक्षनी, ठाकुरबारी, जाफरगंज, साईं मंदिर, श्याम नगर और एसएस कॉलेज पुल सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों का मुआयना किया.

पुल में फंसी जलकुंभी हटाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने दरधा नदी के पुल के पास जमा जलकुंभी को देखा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जलकुंभी हटाने का निर्देश दिया, ताकि नदी के पानी के बहाव में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो.

मंत्री ने जिलाधिकारी छिरिड वाई भूटिया से भी फोन पर बात कर जिले की बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली. साथ मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा को प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता के साथ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

डूबने और मकान क्षतिग्रस्त होने पर मिलेगा मुआवजा

मंत्री ने हुलासगंज और रतनी में नदी में डूबने की घटनाओं तथा बाढ़ और बारिश से मकानों के क्षतिग्रस्त होने के मामलों में नियमानुसार प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा.

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, जिला महामंत्री अनिल ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुड्डू, कृष्णकांत कुमार, मोर्चा अध्यक्ष गौरव सिंह, जिला मंत्री गणेश चौधरी, संतोष चंद्रवंशी, नगर मंडल अध्यक्ष अमृत वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अनुराग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >