जहानाबाद के बधार में जमीन पर गिरा था करंट प्रवाहित तार, चपेट में आने से किसान की मौत

मखदुमपुर के चंदई गांव में बिजली का तार टूटने से एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Jehanabad News : जहानाबाद जिले के मखदुमपुर. प्रखंड क्षेत्र के चंदई गांव में शुक्रवार की सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गयी. मृतक की पहचान चंदई गांव निवासी बिजेंद्र यादव के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

रास्ते में टूटकर गिरा था बिजली का तार

ग्रामीणों के अनुसार, बिजेंद्र यादव शुक्रवार की सुबह शौच के लिए गांव से बाहर बधार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था. तार के जमीन पर गिरे होने की जानकारी बिजेंद्र को नहीं थी. वह अनजाने में टूटे तार के संपर्क में आ गये. करंट लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े.

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने उनके परिजनों को सूचना दी. परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बिजेंद्र यादव को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मखदुमपुर ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गयी. बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया.

चार बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया

बताया जाता है कि मृतक किसान के चार बेटे और एक बेटी हैं. परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी उत्पन्न हो गया है. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.

जर्जर तारों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

इधर, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली के कई तार जर्जर स्थिति में हैं. इन्हें बदलने के लिए विभाग को कई बार आवेदन देकर शिकायत भी की गयी, लेकिन इसके बावजूद जर्जर तारों को नहीं बदला गया. ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की उदासीनता के कारण ही यह हादसा हुआ.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से घटना की जांच कराने, मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा गांव में जर्जर बिजली तारों को जल्द बदलवाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >